अजमेर

25.564 किलो डोडा चूरा के साथ हनुमानगढ़ का तस्कर गिरफ्तार

अजमेर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई : जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 3.83 लाख रुपए आंकी, पुलिस कर रही है आरोपी से पड़ताल

less than 1 minute read
Mar 12, 2026
25.564 किलो डोडा चूरा के साथ हनुमानगढ़ का तस्कर गिरफ्तार
जीआरपी अजमेर थाने की गिरफ्त में आया मादक पदार्थ तस्करी का आरोपी सुखजीतसिंह। पत्रिका

अजमेर(Ajmer News). जीआरपी थाना ने रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 25.564 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.83 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बुधवार रात को जीआरपी थानाप्रभारी फूलचन्द बालोटिया के नेतृत्व में टीम स्टेशन पर गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नम्बर एक पर पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैग और पीठू बैग के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख वह घबरा गया।संदेह होने पर पुलिस ने उसको रोककर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान हनुमानगढ़ राटा डबली निवासी सुखजीतसिंह बताई। पुलिस ने बैग और पीठू बैग की तलाशी ली तो उसमें से 25.564 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इस पर आरोपी सुखजीत सिंह को मादक पदार्थ तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज किया। जांच चित्तौड़गढ़ थानाधिकारी अनिल देवल को सौंपी गई है।

अदालत में पेशकर लिया रिमांड

पुलिस के अनुसार आरोपी सुखजीतसिंह को गुरुवार सुबह न्यायालय में पेशकर रिमांड लिया है। पुलिस पूछताछ के दौरान डोडा चूरा की खरीद-फरोख्त और तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय कुमार, हैड कांस्टेबल देवेन्द्रसिंह, भंवरलाल, कांस्टेबल सोहन राम, भंवरविक्रम सिंह और जितेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Published on:
12 Mar 2026 03:07 pm