अजमेर

Holi 2018: रंग और गुलाल की छटा से सराबोर हुआ शहर, डीजे पर किया नृत्य

कई जगह गुलाब और गैंदे की पंखुडिय़ों, इत्र से होली खेली गई।
2 min read
• •
Updated: 2 Mar 2018, 6:11 PM IST
holi celebration
holi celebration

रंगों का त्यौंहार होली शहर में पारम्परिक तरीके से मनाया गया। सुबह से ही लोग एकदूसरे को रंग और गुलाल लगाने में व्यस्त हो गए। लाल, काले, पीले रंगों और गुलाल से समूचा माहौल सराबोर रहा। लोगों ने एकदूसरे को गुलाल, अबीर और रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। ढोल-ढमाकों और चंग की थाप पर लोग थिरकते नजर आए। गुरुवार को लोगों ने विभिन्न स्थानों पर मंत्रोच्चार से पूजा-अर्चना के साथ होलिका दहन कर घर-परिवार में खुशहाली की कामना की।

रंग-गुलाल से अटा शहर

शुक्रवार को धूलंडी पर्व मनाया गया। सड़कें और गलियां गुलाल से अटी नजर आई। शहर की कॉलोनियों, मोहल्लों में लोगों ने एकदूसरे को रंग, गुलाल, अबीर लगाकर होली की बधाई दी। मंदिरों में भी भगवान को गुलाल लगाया गया। कई जगह गुलाब और गैंदे की पंखुडिय़ों, इत्र से होली खेली गई। घरों में स्वादिष्ट मिठाइयां और पकवान बनाए गए। लोगों ने दिनभर होली खेलने के बाद शाम को घरों में जाकर राम-राम किया।

शहर में गूंजे ढोल-ढमाके

ढोल-ढमाकों और चंग की थाप सहित पर लोगों ने डीजे पर नृत्य किया। महिला मंडलियों ने फाग गीत और भजन गाए। पारम्परिक फिल्मी गीतों पर युवा थिरक उठे। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय चौराहे,मदार गेट, स्वामी कॉम्पलेक्स, कचहरी रोड, नया बाजार, आगरा गेट और अन्य स्थानों पर ज्यादा रौनक दिखी। लोग दोपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार होकर समूह में होली खेलते नजर आए।

किया होलिका का पूजन
गुरुवार को होलीदड़ा, नया बाजार, पुरानी मंडी, मदार गेट, कवंडसपुरा, डिग्गी बाजार, ऊसरी गेट, दरगाह बाजार, नला बाजार, आदर्श नगर, बिहारी गंज, प्रकाश रोड, धौला भाटा, अलवर गेट, रामगंज, केसरगंज, सुभाष नगर, शास्त्री नगर, नाका मदार, गुलाबबाड़ी, वैशाली नगर, बी.के. कौल नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर, लोहागल रोड, पंचशील, फायसागर रोड सहित अन्य इलाकों में चौराहों-मैदान में होली बनाई गई। शुभ मुर्हूत के अनुसार शाम 7 बजे बाद होलिका का विधि विधान से दहन किया गया। इस दौरान भक्त प्रहलाद को प्रतीकात्मक रूप से बचाया गया। लोगों ने होलिका की फल-फूल,मिठाई, गोबर की माला, नारियल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की।

बाजार में रही रौनक

होली पर दो दिन बाजारों में भी खास रौनक नजर आई। मदार गेट, नया बाजार, पुरानी मंडी, कवंडसपुरा और अन्य इलाकों में मिठाई, नारियल, फल, रंग, पिचकारी, होलिका दहन की सामग्री, खरीददारी हुई। शुक्रवार को धूलंडी पर दिन में दुकानें बंद रही। लेकिन शाम को व्यापारियों ने प्रतिष्ठान खोलकर एकदूसरे को शुभकामनाएं दीं।

Published on: