अजमेर

Rajasthan : यूट्यूबर मिस्टर इंडियन हैकर को लॉरेंस गैंग की धमकी, मांगी 80 लाख बिट कॉइन की रंगदारी

गैंगस्टर लॉरेन्स विश्नोई के नाम से अजमेर जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर मिस्टर इंडियन हैकर दिलराजसिंह को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2025, 7:44 PM IST
Dilraj Singh
दिलराज सिंह, फाइल फोटो

अजमेर। गैंगस्टर लॉरेन्स विश्नोई के नाम से अजमेर जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर मिस्टर इंडियन हैकर दिलराज सिंह को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने दिलराज से बतौर रंगदारी 80 लाख बिट-कॉइन की डिमांड की है। एसपी वंदिता राणा के आदेश पर आदर्शनगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। दिलराज के सोशल मीडिया के एक प्लेटफार्म पर 4.58 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं जबकि दूसरे प्लेटफार्म पर 5.1 मिलियन फॉलोवर्स हैं।

पुलिस के अनुसार दिलराज सिंह ने शिकायत दी कि उसको 23 जून को अज्ञात व्यक्ति का धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल में उसने 80 लाख बिट-कॉइन के रूप में रंगदारी (उगाही) की मांग की है। रकम नहीं देने पर उसको, उसके परिवार और टीम के सदस्यों को शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। ई-मेल भेजने वाले ने खुद का लॉरेंस नामक आपराधिक संगठन से संबंध होने का दावा किया है।

एक माह से कर रहे हैं रैकी

दिलराज ने शिकायत में बताया कि ई-मेल भेजने वाले ने लिखा है कि वह पिछले एक महीने से उसकी रैकी व निगरानी कर रहे हैं। उसने बताया कि ई-मेल की शिकायत या सूचना पुलिस को देने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। पीडि़त ने तत्काल सुरक्षा देने की मांग की। पुलिस ने प्रकरण में मृत्यु का भय दिखाकर धमकाने व अवैध वसूली का मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया।

इसलिए निशाने पर दिलराज

दिलराज को सोशल मीडिया पर मि. इंडियन हैकर के नाम से जाना जाता है। वह विज्ञान से जुड़े प्रयोग को लाइव डेमो के जरिए साबित करता है। खासतौर पर युवाओं में वह खासा लोकप्रिय है।

इनका कहना है…

अज्ञात व्यक्ति की ई-मेल आईडी से मैसेज आया है। आदर्शनगर थाने में प्रकरण दर्जकर अनुसंधान किया जा रहा है।

वंदिता राणा, एसपी अजमेर

यह वीडियो भी देखें

Updated on:
26 Jun 2025, 7:44 PM IST
Published on: