– परकोटे के संपत्ति सर्वे में कई कमियां सामने आई – होटल अग्निकांड के बाद अलर्ट हुआ निगम अजमेर. शहर के परकोटा क्षेत्र में आगजनी व अवैध रूप से बहुमंजिला इमारतें बनाए जाने के बाद निगम अलर्ट मोड पर है। निगम की टीमों द्वारा पिछले एक पखवाड़े में परकोटा क्षेत्र में आने वाले करीब एक दर्जन से […]
- परकोटे के संपत्ति सर्वे में कई कमियां सामने आई
- होटल अग्निकांड के बाद अलर्ट हुआ निगम
अजमेर. शहर के परकोटा क्षेत्र में आगजनी व अवैध रूप से बहुमंजिला इमारतें बनाए जाने के बाद निगम अलर्ट मोड पर है। निगम की टीमों द्वारा पिछले एक पखवाड़े में परकोटा क्षेत्र में आने वाले करीब एक दर्जन से अधिक वार्डों में निर्मित व्यावसायिक प्रतिष्ठान व बहुमंजिला इमारतों की जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। इनमें फायर एनओसी की कमी, स्वीकृत मानचित्र अनुसार निर्माण नहीं होना आदि पता चला। सर्वे के दौरान निगम की ओर से तैयार सूची के मुताबिक करीब छह सौ संपत्ति धारकों को अनियमितता के नोटिस जारी किए जाएंगे। गुरुवार से नोटिस की तामीली शुरू कर दी जाएगी।प्रपत्र में संकलित की सूचना
निगम के अतिक्रमण प्रभारी अधिशाषी अभियंता रमेश चौधरी ने बताया कि आयुक्त देशलदान के निर्देश पर निगम ने फायर एनओसी व अवैध निर्माण, स्वीकृत मानचित्र अनुसार निर्माण की स्थिति तथा स्वीकृत मंजिलों के अतिरिक्त निर्माण, सेटबैेक आदि की सूचना निर्धारित प्रपत्र में संकलित की है।
अब हर बार सर्वे की नहीं दरकार
जानकारों के अनुसार निगम ने सर्वे के दौरान निर्धारित प्रपत्र में संपत्ति धारकों की मौजूदगी में संपत्ति का पूरा ब्यौरा भरवाया है। इसमें संबंधित कमियों का उल्लेख किया गया है। जिनमें फायर एनओसी की कमी, अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण, स्वीकृत मानचित्र अनुसार नक्शा आदि की सूचना है। पूर्ति कराए गए प्रपत्र के अनुसार भवन में मिली कमियों के लिए संबंधित संपत्ति धारक को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।