अजमेर

Cash problem: एटीएम में नो कैश, फिर बन सकते हैं नोटबंदी जैसे हालात

लोगों के जहन में डेढ़ साल पहले नवम्बर में हुई नोटबंदी की यादें ताजा हो गई हैं।
2 min read
Apr 21, 2018
no cash in ATM
no cash in ATM

अजमेर/ब्यावर/किशनगढ़।

देश में फिर नोटबंदी जैसे हालात बनने लगे हैं। अजमेर , ब्यावर सहित किशनगढ़ में कई जगह एटीएम खाली नजर आए। एटीएम में रुपए नहीं डालने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। शादी का सीजन चलने के कारण लोग खरीदारी के लिए शहर आ रहे हैं। लेकिन एटीएम से रुपयों की निकासी नहीं होने के कारण सभी को दिक्कत उठानी पड़ रही है। लोग कामकाज छोड़कर पास बुक लेकर बैंक के अंदर कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। एक बार फिर लोगों के जहन में डेढ़ साल पहले नवम्बर में हुई नोटबंदी की यादें ताजा हो गई हैं।

ब्यावर शहर के अजमेर रोड, मसूदा रोड, मेवाड़ी गेट, पीपलिया बाजार, रेलवे स्टेशन रोड सहित सेन्दड़ा रोड पर लगे एटीएम गुरुवार को भी खाली रहे। अजमेर में भी कई एटीएम पर कैश नहीं मिल पाया। हालांकि यहां से निकलने वाले लोग एटीएम में कार्ड लगाकर जांच कर रहे हैं। लेकिन एक भी एटीएम ऐसा नहीं है जिसमें नकदी की निकासी हो सके।

पुराना बस स्टैण्ड के निकट लगे एटीएम में पाली शहर से आए लोग नकदी की निकासी का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वह बारात लेकर आए हैं। यहां दुल्हन के लिए कुछ सामान की खरीदारी करनी है। अब तक तीन एटीएम में घूम चुके हैं लेकिन एक भी एटीएम चल नहीं रहा। उन्होंने बैंक मैनेजर से भी बात की है। यदि अंदर लगी मशीन से रुपए की निकासी हो जाए समस्या का समाधान हो सकता है। गौरतलब है कि एटीएम में पिछले दो दिन से केवल दो हजार रुपए के नोटों की निकासी हो रही थी। कई एटीएम में निकासी बंद हो गई।

अब आमजन नकदी को लेकर परेशान हो रहा है। शादी का सीजन होने के कारण परेशानी दोगुनी हो गई है। कई लोग अब उधार में खरीदारी कर रहे हैं जबकि कुछ शादी की तैयारियों को छोड़कर बैंक में रुपए निकलवाने के लिए पासबुक लेकर कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। इस संबंध में बैंक अधिकारियों से संपर्क किया लेकिन उन्होंने अधिकारिक जानकारी देने से मना कर दिया।

Published on:
21 Apr 2018 09:27 am