अजमेर

ग्यारह साल बाद भी नहीं बना प्लेटफार्म

नसीराबाद रेलवे स्टेशन : यात्रियों को करना पड़ रहा परेशानियों का सामना
less than 1 minute read
Jun 23, 2019
No platform even after eleven years
ग्यारह साल बाद भी नहीं बना प्लेटफार्म

नसीराबाद (अजमेर).. आमान-परिवर्तन को ग्यारह वर्ष से अधिक का समय व्यतीत हो जाने के बावजूद नसीराबाद रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नम्बर 2 का निर्माण आज तक नहीं कराया गया। इससे प्लेटफार्म नम्बर दो पर आने-जाने वाली गाडिय़ों में सवार होने के लिए यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कहने को तो रेलवे ने आमान परिवर्तन कर ब्रॉडगेज की सुविधा प्रदान कर दी लेकिन ब्रॉडगेज के मापदण्डों के अनुसार प्लेटफार्म संख्या 2 का निर्माण नहीं कराया है। प्लेटफार्म संख्या 2 आज भी काफी नीचा और कच्चा है। ऐसे में प्लेटफार्म संख्या 2 पर यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ते समय दुश्वारियां पेश आती हैं। यह परेशानी उस समय और भी बढ़ जाती है जब रात में प्लेटफार्म संख्या 2 पर सवारी गाड़ी ली जाती है। नसीराबाद रेल ठहराव संघर्ष मंच और कई सामाजिक संस्थाओं ने समय-समय पर मण्डल रेल प्रबंधक के नसीराबाद आगमन पर यह मुद्दा उठाया था और जब-जब भी मण्डल रेल प्रबंधक नसीराबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए थे। उन्होंने नसीराबाद रेलवे स्टेशन पर शीघ्र ही प्लेटफार्म संख्या दो पर निर्माण कराने का आश्वासन इन संस्थाओं को दिया था। लेकिन आश्वासन खोखले साबित हुए। रेल प्रशासन द्वारा आमतौर पर तो यात्री गाडिय़ों को प्लेटफार्म संख्या 1 पर ही लिया जाता है लेकिन दो ट्रेनों की क्रॉसिंग के समय प्लेटफार्म संख्या 2 पर भी यात्री गाडिय़ों को लिया जाता है। ऐसे में रेल प्रशासन द्वारा अचानक इस आशय की घोषणा की जाती है तब यात्रियों को आनन-फानन में रेलवे स्टेशन पर बने ओवरब्रिज से जैसे-तैसे प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंचना पड़ता है। लेकिन प्लेटफार्म संख्या दो कच्चा व ऊबड़-खाबड़ होने के कारण यात्रियों को चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है वहीं यात्रियों को दुर्घटना घटित होने का अंदेशा बना रहता है।

Published on:
23 Jun 2019 06:01 am