अजमेर

फाल्ट ठीक करने खम्भे पर चढ़ा, बिजली चालू हुई तो करंट लगने से हुई मौत

संविदा विद्युत कर्मी की मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम, लापरवाही पर दो विद्युत कर्मी निलम्बित
2 min read
Nov 10, 2019
फाल्ट ठीक करने खम्भे पर चढ़ा, बिजली चालू हुई तो करंट लगने से हुई मौत
नसीराबाद चिकित्सालय के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर जमा ग्रामीणों की भीड़। 

नसीराबाद (अजमेर).. ग्राम भटियाणी जीएसएस के अधीन ग्राम झडवासा की विद्युत लाइन पर काम कर रहे ठेकेदार के कर्मचारी की शनिवार करंट लगने से मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार मुआवजे व दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर अजमेर विद्युत वितरण निगम की नसीराबाद शाखा के बाहर अजमेर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। वहीं लापरवाही बरतने पर दो विद्युतकर्मियों को निलम्बित कर दिया गया।

ग्राम जाटिया निवासी मंगल सिंह (19) पुत्र अमरसिंह रावत मदार स्थित ठेकेदार विजय कुमार की कुलदीप कुमार पंवार फर्म पर संविदा के रूप में कार्य करता था। शनिवार रात ग्राम झडवासा की विद्युत आपूर्ति बन्द हो जाने के कारण अमर सिंह अपने साथियों के साथ राट्रीय राजमार्ग के पास स्थित एक होटल के पीछे जीएसएस पर कार्यरत विद्युत निगम के कर्मचारी ग्राम चैनपुरा निवासी अजय सिंह रावत व भटियानी जीएसएस पर कार्यरत विद्युत निगम के कर्मचारी प्रकाश रावत से विद्युत आपुर्ति बन्द करवा कर खम्भे पर चढक़र काम कर रहा। इस दौरान जीएसएस पर कार्यरत कर्मचारी अजय सिंह ने बिना किसी सूचना के विद्युत आपुर्ति शुरू कर दी। इससे लाइन काम कर रहे अमर सिंह की करंट की चपेट में आ कर खम्भे से गिर पड़ा। इससे मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर आक्रोशित जटिया के ग्रामीणों ने भटियानी जीएसएस पर जाकर शराब का सेवन किए हुए विद्युत निगम के कर्मचारी अजयसिंह रावत उर्फ अज्जू व प्रकाश रावत के साथ मारपीट कर दी। बाद में अमर सिंह के शव को नसीराबाद के राजकीय सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी चिकित्सालय पहुंच गई।

समझाइश पर खुलवाया जाम
रविवार सुबह ग्रामीणों ने मुआवजे व दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर अजमेर विद्युत वितरण निगम की नसीराबाद शाखा के बाहर नसीराबाद-अजमेर मार्ग पर जाम लगा दिया। सिटी थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने ग्रामीणों की समझाइश कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसी दौरान विद्युत निगम के अधिकारी कमल किशोर बैरवा भी मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत करवा कर उनके निर्देशानुसार दोषी कर्मचारियों प्रकाश रावत व अजय सिंह रावत को निलम्बित कर दिया। वहीं ग्रामीणों को विभाग व ठेकेदार की और से मृतक के परिजन को उचित मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया। सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई समंदर सिंह की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Updated on:
10 Nov 2019 08:50 pm
Published on:
10 Nov 2019 08:50 pm