स्मार्टसिटी एडवायजरी फोरम की बैठक में प्रशासन पर जमकर बरसे विधायक देवनानी और अनिता भदेलकई कार्यो पर जताई नाराजगी, 22 माह बाद हुई एडवायजरी फोरम की बैठक
हिमांशु धवल
अजमेर. अजमेर शहर के लोगों को स्मार्टसिटी के नाम पर भ्रमित किया जा रहा है। शहर का अहित किसी हाल में नहीं होना चाहिए। प्रोजेक्ट की धरातल पर बहुत खराब स्थिति है। साइंस पार्क का अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। मोइनिया इस्लामिया स्कूल मैदान में पार्र्किंग बनाकर स्कूल को खराब करना चाहते हैं। पूरे शहर का ड्रेनेज सिस्टम बदहाल है। माखुपुरा ट्रेचिंग ग्राउण्ड के कारण आस-पास की जमीन जहरीली हो गई है। अरबन हाट बाजार में फूडकोर्ट बनाया जा रहा है, जबकि वहां पर 50 दुकानें पहले ही बनी हुई हैं। यह बातें स्मार्टसिटी लिमिटेड की सिटी लेवल एडवायजरी फोरम की रीट ऑफिस में आयोजित दूसरी बैठक में विधायक वासुदेव देवनानी और अनिता भदेल ने कही।
22 महीने बाद ली सुध !
दोनों विधायकों ने एडवायजरी फोरम की बैठक 22 माह बाद होने पर भी नाराजगी जताते हुए दो माह के अंतराल से करने का सुझाव दिया। स्मार्टसिटी सीईओ और जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने स्मार्टसिटी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही 29 सितम्बर को सिटी लेवल एडवायजरी फोरम के सदस्यों का फील्ड विजिट के माध्यम से चल रहे प्रोजेक्टों का भौतिक सत्यापन करवाया जाएगा। बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्टसिटी एसीईओ डॉ. खुशाल यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित कई अन्य उपस्थित थे।
930 करोड़ के कार्य स्वीकृत
नगर निगम आयुक्त एवं एसीईओ डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि केंद्र सरकार के रैंकिंग के आधार पर राजस्थान देश में 11 वीं रैंक पर एवं अजमेर 45 वीं रैंक पर है। चयन के समय अजमेर 55 वीं रैंक पर था। अजमेर शहर के लिए स्वीकृत 930 करोड़ में से 40.45 करोड़ के कार्य पूर्ण हो गए हैं व 626.14 करोड़ के कार्य प्रगति पर हैं। 139.87 करोड़ के कार्य निविदाधीन हैं। 138.94 करोड़ के कार्यों की डीपीआर तैयार कराई जा रही है।
इतने काम जारी
- 2.6 किलोमीटर लंबाई के एलीवेटेड रोड पर 220 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।
- आनासागर झील के चारों ओर बनी कॉलोनियों में सीवरेज लाइन व कनेक्शन का काम। इस कार्य की लागत 85.46 करोड़ है। सिटी जोन में 71.48 करोड़ की लागत से काम चल रहे हैं।
- शहर की जल वितरण प्रणाली में सुधार के लिए 49.96 करोड़ के कार्य किए जा रहे हैं।
- 42.95 करोड़ की लागत से पटेल मैदान व इंडोर स्टेडियम का कायापलट होगा।
- जेएलएन अस्पताल में 36.22 करोड़ की लागत से मेडिसन ब्लॉक का निर्माण चल रहा है।
- अम्बेडकर सर्किल से एमडीएस तिराहे तक सडक़ को सिक्स लेन किया जा रहा है।
- जेएलएन अस्पताल में 244 बैड क्षमता का पिडिएट्रिक ब्लॉक एवं मल्टीलेवल पार्किग का कार्य।
यह भी दिए सुझाव
- पालबीसला संपर्क सडक़ 100 फीट की बने।
- शहर में प्रवेश मार्गों पर निजी बसों के ठहराव के लिए स्टैण्ड।
- शहर के विस्तार को देखते कई जगह सब्जी मार्केट निर्माण।