
नसीराबाद. छावनी परिषद प्रशासन के लापरवाही पूर्ण रवैये के चलते नसीराबाद शहर में बेखौफ होकर विचरण करने वाले लावारिस जानवर नगरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। नगर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था में भटकते जानवर कोढ़ में खाज का काम कर रहे हैं। नसीराबाद शहर के मुख्य बाजार में यह पशु फल व सब्जी के खेड़े ठेलों पर मुंह मारते रहते हैं और ठेले वालों की मार खाने पर वह इस प्रकार दौड़ते हैं कि चलते राहगीर उनकी चपेट में आकर चोटिल हो जाते हैं।
इतना ही नहीं यह जानवर आपस में जोर आजमाइश करते-करते गुजरने वाले राहगीरों को भी जख्मी कर डालते हैं। ऐसा ही वाकया रविवार को उस समय देखने को मिला जब दो सांड राजकीय सामान्य चिकित्सालय के मुख्य द्वार के सामने ही भिड़ गए और जोर आजमाइश करने लगे। यह देख मरीज व उनके परिजन एकबार तो भयभीत हो गए।
पुलिस प्रशासन इस अव्यवस्था का सारा दोष परिषद प्रशासन पर मढ़ रहा है वहीं छावनी परिषद इसके लिए पुलिस प्रशासन को यह कहकर दोषी बतलाता है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा पुलिस का है। दो विभागों के बीच चल रही इस कश्मकश का खामियाजा नगर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में सेना क्षेत्र में बाजार में आने वाले वाहन भी इस पीड़ा को और अधिक कष्टïदायक बना रहे हैं। जबकि सेना मुख्यालय ने सैनिक वाहनों की नसीराबाद शहर में होकर आवाजाही पर पूर्णत: पाबन्दी लगा रखी है।