www.patrika.com/rajasthan-news
पुष्कर/अजमेर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 6 अक्टूबर को प्रस्तावित पुष्कर यात्रा को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान व जिला कलक्टर आरती डोगरा, एसपी राजेश सिंह ने पुष्कर में तैयारियों का जायजा लिया।
सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मेला मैदान के बाईपास रोड पर हेलीपेड़ तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है।
इसके बाद कलक्टर डोगरा ने ब्रह्मा मंदिर परिसर में 24 करोड़ की लागत से बन रहे एन्ट्री प्लाजा निर्माण का मौका देखकर कार्य पूरा होने की जानकारी ली। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी 6 अक्टूबर को ब्रह्मा मंदिर दर्शन करने आ सकते हैं। यहां पीएम नरेंद्र मोदी की सभा के साथ ही राजस्थान के रण का आगाज हो जाएगा।
रामायण सर्किट मिटा सकता है दूरियां
विशेषज्ञों और शिक्षाविदों का मानना है, कि रामायण सर्किट दक्षिण एशियाई देशों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। सभी देश मिलजुल काम करें तो सभी देशों के पर्यटन व्यवसाय और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। यह विचार दयानंद कॉलेज में गुरुवार को एक्पलोरिंग कॉन्टेक्ट ऑफ टूरिज्म एंड हेरिटेज इन साउथ एशिया विषय पर आयोजित अन्तरराष्ट्रीय सेमिनार में सामने आए।
मुख्य अतिथि दिल्ली पर्यटन निगम के पूर्व सचिव डॉ. जी. जी. सक्सेना ने कहा कि दक्षिण एशियाई देशों में रामायण, महाभारत और शक्तिपीठ सहित अनेक स्थान विद्यमान है। यह समूचे दक्षिण एशिया के पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। भारत सहित अन्य राष्ट्रों को रामायण सर्किट को विकसित करने पर संयुक्त नीति बनानी चाहिए। दक्षिण एशिया के सभी देशों में भौगोलिक, राजनैतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और प्राकृतिक कारकों के चलते कई समानताएं भी हैं। इन कारकों पर सकारात्मक रूप से कार्य किया जाए तो सभी देशों की अर्थव्यवस्था को संजीवनी मिल सकती है।
साथ ही पर्यटन उद्योग को जबरदस्त फायदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि दक्षेस देशों में पर्यटन उद्योग के लिए आधारभूत संसाधनों की कमी है। पर्यटकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और सेवाओं को बेहतर बनाया जाना चाहिए। राजनैतिक इच्छाशक्ति, मिलकर काम करने, सरकारी-निजी सहभागिता,यातायात संसाधनों, पांच सितारा होटल के विस्तार से यह संभव है।