अजमेर

पहले कॉल कर उसको बुलाते होटल के कमरे में, फिर अंजाम देते ये शर्मनाक करतूत

कमरे पर पहुंचते ही डिलीवरी बॉय को पार्सल लौटा दिया जाता है।
2 min read
• •
Updated: 8 Mar 2018, 9:47 AM IST
police arrest gang
police arrest gang

ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से ऑर्डर बुक करने के बाद डिलीवरी बॉय को ठगी का शिकार बनाने वाले तीन शातिरों को गंज थाना पुलिस ने दबोच लिया। आरोपित दिल्ली के रहने वाले हैं। वे होटल में पार्सल की डिलीवरी देने वाले युवक को ठगी का शिकार बनाने आए थे लेकिन कंपनी प्रतिनिधि की सजगता से गंज थाना पुलिस ने आरोपितों को दबोच लिया। हालांकि मामला दिल्ली के प्रशांत विहार थाने में दर्ज है। पुलिस ने तीनों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सूचना दी है।

थानाप्रभारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के प्रतिनिधि ने गंज थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में ठहरे तीन युवकों के ठग होने के बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली के प्रशांत विहार थाने में दर्ज प्रकरण का हवाला दिया। पुलिस ने प्रकरण की तस्दीक करते हुए तत्परता दिखाई। कंपनी के डिलीवरी बॉय को पार्सल के साथ होटल के कमरे में भेजा।

कमरे में मौजूद ठगों ने पार्सल को कमरे में रखवा दिया और उनमें से एक रकम के लिए डिलीवरी बॉय को लेकर एटीएम बूथ पहुंचा। इधर कमरे में मौजूद उसके दो साथी पार्सल में मौजूद डिजीटल कैमरे को निकाल कर कागज व कचरा भरने लगे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इधर एटीएम पर रकम निकालने का स्वांग कर रहे उनके तीसरे साथी को भी दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपित नई दिल्ली निवासी दीपक, प्रिंस और सलमान को शांतिभंग में गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सूचना दे दी।

यूं बनाते हैं शिकार

प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि तीनों ठग ऑनलाइन कंपनी से ऑर्डर बुक करते हैं और हर बार डिलीवरी का पता अलग शहर में देते हैं। ऑर्डर बुक होने के बाद डिलीवरी के लिए कंपनी की ओर से आए कॉल पर तीनों ठग बताई गई होटल के कमरे में पहुंच जाते हैं। डिलीवरी बॉय के होटल में आने पर तीन में से दो युवक बाथरूम में दुबक जाते है।

तीसरा साथी डिलीवरी बॉय को पार्सल कमरे में रखवा कर एटीएम बूथ पर पैसा देने के लिए कहकर साथ ले जाता है। एटीएम बूथ पर ठग डिलीवरी बॉय के सामने रकम निकालने का स्वांग करता है। खाते में रकम नहीं होने पर पार्सल अगले दिन डिलीवरी लेने की बात कहकर होटल लौट जाता है।

पीछे से बाथरूम में छुपे ठग के दोनों साथी पार्सल में मौजूद कैमरे के स्थान पर कचरा व पत्थर भरकर पैक कर देते हैं। कमरे पर पहुंचते ही डिलीवरी बॉय को पार्सल लौटा दिया जाता है। डिलीवरी बॉय के जाते ही तीनों होटल छोड़ देते हैं।

14 डिजिटल कैमरे ठगे

गिरोह अब तक ऑनलाइन कंपनी से 14 डिजिटल कैमरे ठग चुके हैं। ठगों ने अजमेर में डिलीवरी के लिए फिर से चार कैमरे मंगवाए थे। कम्पनी प्रतिनिधि को तीनों युवकों के अजमेर में मौजूद होने की सूचना मिलते ही उन्होंने गंज थाने को सूचित कर दिया। गिरोह अब तक चंडीगढ़, अमृतसर, जयपुर और दिल्ली में ठगी की वारदात कर चुका है।

Published on: