
अजमेर . दौराई रेलवे फाटक के निकट सोमवार रेलवे लाइन पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। संभवत: युवक रात के अंधेरे में ट्रेन की चपेट में आया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। रामगंज थाना पुलिस युवक की पहचान का प्रयास कर रही है।
एसआई यूनुस खान ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि दौराई रेलवे फाटक के निकट रेलवे लाइन पर युवक का शव पड़ा है। सूचना पर रामगंज चौकीप्रभारी विजयसिंह पहुंचे। पुलिस ने शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 45 से 50 साल रही होगी। उसने नीले रंग की जींस, स्वेटर और सैंडल पहन रखे थे। मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट का निशान है। संभवत: ट्रेन के पावर से टकराने से सिर में चोट आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें....हत्या के आरोपित को भेजा जेल
मदनगंज-किशनगढ़. नगर के राधिका विहार कॉलोनी में कर्जे के चलते कुल्हाड़ी मारकर पत्नी की हत्या करने के आरोपित पति को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार निकटवर्ती ग्राम डींडवाडा हाल राधिका विहार कॉलोनी निवासी गिरधर सिंह (50) ने अपनी पत्नी सुमन कंवर (46) की शनिवार को सुबह 5 बजे कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।
हत्या का मुख्य कारण गिरधर सिंह पर कर्जा होने की बात सामने आई थी। वह अपना कर्जा चुकाने के लिए पत्नी से मकान का पट्टा मांग रहा था, जिससे वह उसे गिरवी रखकर कर्जदारों का कर्जा चुका सके। पत्नी ने मकान का पट्टा देने से इंकार करने पर पति ने कुल्हाड़ी मारकर पत्नी की हत्या कर दी थी। आरोपित गिरधर सिंह को न्यायालय में पेश करने पर एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया था। आरोपित की सोमवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।