
Ajmer : जयपुर से लापता भू-वैज्ञानिक। फोटो पत्रिका
Ajmer : अजमेर. जयपुर से लापता सहायक भू-वैज्ञानिक रविवार सुबह हाथीभाटा स्थित होटल के कमरे में मृत मिले। कोतवाली थाना पुलिस को होटल के कमरे में मिले नोट में माइग्रेन से पीड़ित होने का जिक्र है। जबकि पुलिस पड़ताल में मृतक के कर्ज से परेशान होने की बात सामने आई है। मामले में जयपुर गांधीनगर थाना पुलिस पड़ताल में जुटी है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह जयपुर निवासी सरफराज अव्वल रिश्तेदारों के साथ भाई की तलाश करते हुए हाथीभाटा स्थित होटल काजल-इन पहुंचे। होटल संचालक ने युवक के ठहरे होने की जानकारी देते हुए पुलिस की मौजूदगी में कमरा खोलने की बात कही। कोतवाली थाने के एएसआइ बालकिशन की मौजूदगी में कमरा खुलवाने पर जयपुर जगतपुरा खो-नागोरियान निवासी समीर अवल (41 वर्ष) मृतावस्था में मिले।
पुलिस को कमरे से मिले नोट में माइग्रेन की बीमारी की बात लिखी थी। उन्होंने पत्नी को परिवार का ध्यान रखने की बात भी लिखी। परिजन ने पुलिस को बताया कि समीर माइग्रेन से परेशान थे। पुलिस ने शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाकर कमरे को सील कर दिया। समीर की पत्नी ने जयपुर गांधीनगर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज करवा रखी है। कोतवाली थाने की सूचना पर जयपुर गांधीनगर थाने की टीम अजमेर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार समीर अव्वल जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया जयपुर में सहायक भूवैज्ञानिक के पद कार्यरत थे। वह जगतपुरा स्थित महिमा बेलाविस्टा में पत्नी मुबशारीन आजमी व छह साल की बेटी के साथ रहते थे।
परिजन ने बताया कि 10 अक्टूबर शाम को कुंदन नगर निवासी रिश्तेदार ने उसके अजमेर में होने की जानकारी दी थी। कोतवाली थाना पुलिस ने होटल के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन जवाब नहीं मिला था।
Updated on:
11 Oct 2026 09:37 pm
Published on:
11 Oct 2026 09:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
