27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Ajmer / Sawai Madhopur News: रणथंभौर की तर्ज पर संवरेगा तारागढ़, 2.71 करोड़ से बदलेगी किले की तस्वीर

Sawai Madhopur News: रणथंभौर की तर्ज पर संवरेगा तारागढ़, 2.71 करोड़ से बदलेगी किले की तस्वीर

कस्बे में स्थित ऐतिहासिक तारागढ़ किले के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। किले को रणथंभौर दुर्ग की तर्ज पर प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने…
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

Newsdesk

•

Updated: 27 Nov 2026, 4:47 PM IST

रणथंभौर की तर्ज पर संवरेगा तारागढ़, 2.71 करोड़ से बदलेगी किले की तस्वीर

रणथंभौर की तर्ज पर संवरेगा तारागढ़, 2.71 करोड़ से बदलेगी किले की तस्वीर

खण्डार(सवाई माधोपुर). कस्बे में स्थित ऐतिहासिक तारागढ़ किले के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। किले को रणथंभौर दुर्ग की तर्ज पर प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए वन विभाग और पर्यटन विभाग की संयुक्त योजना के तहत 2 करोड़ 71 लाख रुपए का बजट तैयार कर स्वीकृत किया गया है। योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है। वन विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार से कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण में मर्गो की सफाई कराई जा रही है।

पर्यटकों के लिए बनेंगे नए ट्रैक, सुधरेंगी राहे

योजना के तहत किले तक पर्यटकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके लिए क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत कराई जाएगी और नए पर्यटक ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इससे पर्यटकों को किले तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही रास्तों और ट्रैक को सुरक्षित बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सुरक्षा दीवारों का होगा संरक्षण

किले की पुरानी और जर्जर हो चुकी सुरक्षा दीवारों (परकोटों) की मरम्मत और पुनर्निर्माण कराया जाएगा। ऐतिहासिक संरचना को सुरक्षित रखने के लिए संरक्षण संबंधी कार्य किए जाएंगे। इससे किले की प्राचीन स्थापत्य विरासत को नुकसान से बचाने के साथ उसके मूल स्वरूप को बनाए रखने में मदद मिलेगी।

प्राचीन जैन मंदिरों का होगा जीर्णोद्धार

किले परिसर में स्थित प्राचीन जैन मंदिर और अन्य ऐतिहासिक मंदिरों की स्थिति सुधारने के लिए विशेष संरक्षण कार्य प्रस्तावित हैं। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इन स्थलों का जीर्णोद्धार कर उनकी सुंदरता और उपयोगिता बढ़ाई जाएगी। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

कुंडों और जलाशयों की भी सुधरेगी दशा

योजना में किले के प्राचीन जल स्रोतों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत यहां मौजूद कुंडों और जलाशयों की सफाई, मरम्मत और जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इन जल स्रोतों को व्यवस्थित करने से किले की ऐतिहासिक विरासत के साथ उसकी पारंपरिक जल संरक्षण व्यवस्था को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।

इस पूरी परियोजना का उद्देश्य तारागढ़ किले को व्यवस्थित और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। रास्तों, सुरक्षा दीवारों, मंदिरों और जल स्रोतों के संरक्षण से किले की ऐतिहासिक पहचान को मजबूती मिलने की उम्मीद है। योजना पूरी होने के बाद यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

इनका कहना है खण्डार किले को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए स्वीकृत 2.71 करोड़ से कार्य होंगे। इसके लिए टेण्डर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों से किले मार्ग की सफाई कराई जा रह है।