25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Ajmer / Ajmer News: 100 किलो की तिजोरी बाइक पर ले गए बदमाश, दुकान का शटर तोड़कर 4 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

Ajmer News: 100 किलो की तिजोरी बाइक पर ले गए बदमाश, दुकान का शटर तोड़कर 4 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ा, अंदर रखी करीब 100 किलो से अधिक वजनी लोहे की तिजोरी बाहर निकाली और उसे मोटरसाइकिल पर लादकर फरार हो गए।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 25 Nov 2026, 9:22 AM IST

Kekri Theft News

सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश। फोटो: पत्रिका

अजमेर। केकड़ी शहर के सबसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र घंटाघर में मंगलवार तड़के चोरों ने दुस्साहस की ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ा, अंदर रखी करीब 100 किलो से अधिक वजनी लोहे की तिजोरी बाहर निकाली और उसे मोटरसाइकिल पर लादकर फरार हो गए। बदमाश तिजोरी में रखे करीब 3 से 4 लाख रुपए नकद और चांदी के सिक्के चुराने में सफल रहे। हैरानी की बात यह रही कि शहर के हृदय स्थल पर स्थित दुकान में वारदात को अंजाम देकर बदमाश चंद मिनटों में भारी-भरकम तिजोरी लेकर निकल गए। पूरी वारदात दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

वारदात मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे घंटाघर के ठीक निकट स्थित सस्ता किराना भंडार में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच संदिग्ध दुकान के बाहर पहुंचे। सभी ने पहचान छिपाने के लिए चादरों से चेहरा और शरीर ढक रखा था। बदमाशों ने सरियों की मदद से दुकान का शटर ऊपर उठाया। इसके बाद तीन बदमाश दुकान के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर रहकर निगरानी करते रहे। दुकान में रखी वर्षों पुरानी भारी लोहे की तिजोरी को बाहर निकालकर मोटरसाइकिल पर लाद लिया और मौके से रवाना हो गए।

मोटरसाइकिल पर तिजोरी, पीछे दौड़ता रहा साथी

बदमाशों ने चोरी को अंजाम देने के लिए जिस तरीके का इस्तेमाल किया, वह भी चौंकाने वाला है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश घंटाघर से जूनियां गेट की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। एक मोटरसाइकिल पर भारी तिजोरी रखी हुई थी। मोटरसाइकिल एक बदमाश चला रहा था, जबकि उसका साथी पीछे दौड़ते हुए तिजोरी को संभालता नजर आ रहा है। दूसरी मोटरसाइकिल पर भी बदमाशों के सवार होने की बात सामने आई है। दुकानदार के अनुसार, तिजोरी में करीब 3 से 4 लाख रुपए की नकदी और चांदी के सिक्के रखे हुए थे।

सापंदा रोड के खाली प्लाट में तोड़ी तिजोरी

दुकान से तिजोरी ले जाने के बाद बदमाश सापंदा रोड की तरफ पहुंचे। यहां एक खाली प्लाट में तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी और चांदी के सिक्के निकाल लिए। इसके बाद खाली तिजोरी को प्लाट में ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

व्यस्त बाजार में चोरी से व्यापारियों में आक्रोश

शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र घंटाघर में इस तरह की वारदात से व्यापारियों में चिंता और आक्रोश है। दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही से गुलजार रहने वाले इस इलाके में बदमाशों का शटर तोड़कर दुकान में घुसना और फिर भारी तिजोरी लेकर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जब शहर के सबसे व्यस्त बाजार में दुकानें सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गई नकदी और चांदी के सिक्कों की बरामदगी तथा बाजार क्षेत्र में प्रभावी रात्रिकालीन पुलिस गश्त की मांग की है।

मामला दर्ज, जांच शुरू

शहर थाना पुलिस ने पीड़ित दुकानदार श्यामसुंदर माहेश्वरी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और वारदात में प्रयुक्त साधनों का पता लगाने में जुटी है।

इनका कहना है

चोरी की वारदात को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास रहेगा।
-जगदीश चौधरी, शहर थानाधिकारी, केकड़ी