जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों में महिला शक्ति, युवा नेतृत्व और सियासी उलटफेर की दिलचस्प तस्वीर सामने आई। प्रदेश के 37 जिलों में 26 की कमान महिलाओं के हाथों में आई। जैसलमेर में महज 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनीं, वहीं दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में महिला प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई। कहीं बहुमत के बावजूद पार्टियों को हार का सामना करना पड़ा तो कहीं एक वोट ने जीत-हार का फैसला कर दिया। डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में बराबरी के बाद लॉटरी से जिला प्रमुख चुने गए। निर्दलीयों की भूमिका और क्रॉस वोटिंग के आरोपों ने भी कई जगह चुनावी गणित को रोचक बनाया। इन नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में नए चेहरों और बदलते सियासी समीकरणों की झलक दिखाई। प्रदेश में 37 जिलों में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, बीएपी ने 2 और 1 जिले में आरएलपी ने प्रमुख पद पर कब्जा किया।