अजमेर

पुलिस बैठी है रिपोर्ट के इंतजार में, मासूम के साथ हो गया इतना बड़ा कांड

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
Oct 14, 2018
sexual harresment case
sexual harresment case

अजमेर.

शहर के नामचीन स्कूल (कॉलेज) में छात्र से रैगिंग व यौनशोषण प्रकरण में पुलिस अनुसंधान अब तकनीकी रिपोर्ट के इंतजार में उलझकर रह गई है। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद प्रकरण में अनुसंधान आगे बढ़ाएगी। वहीं पीडि़त के परिजन ने छात्र की पढ़ाई के नुकसान व भविष्य को ध्यान में रखते हुए उसका दाखिला वापस (टीसी) ले लिया।

जानकारी के अनुसार बहुचर्चित छात्र रैगिंग प्रकरण में जिला पुलिस की जांच अब तकनीकी रिपोर्ट के इंतजार में फंस गई है। पुलिस ने शिक्षण संस्थान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हासिल करने के लिए डीवीआर को रिकवरी के लिए भेजा है। वहीं पुलिस को प्रकरण में केमिकल रिपोर्ट का इंतजार है। कैमिकल रिपोर्ट व डीवीआर की फुटेज रिकवरी देखने के बाद ही अनुसंधान अधिकारी प्रकरण में अंतिम रिपोर्ट तक पहुंच सकेंगे।

अनुसंधान के नाम पर देरी

इधर पीडि़त के पिता से टेलीफोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि पुलिस अनुसंधान के नाम पर समय ले रही है। ऐसे में उनके बेटे का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। उन्होंने शिक्षण संस्थान से बेटे की दाखिला वापस (टीसी) ले ली है ताकि वह अन्य विद्यालय में अपनी पढ़ाई जारी रख सके। उल्लेखनीय है तीस जुलाई को पीडि़त छात्र के परिजन ने शिक्षण संस्थान में मामले की शिकायत की।

संस्थान प्रबंधन ने शिकायत पर अलवर गेट थाने में रैगिंग और यौनशोषण का मुकदमा दर्ज कराया। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व वृत्ताधिकारी गजेन्द्र सिंह कर रहे हैं लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रकरण के अंतिम छोर तक नहीं पहुंच सकी है।

छात्र रैगिंग प्रकरण में कैमिकल व सीसीटीवी फुटेज रिकवरी के लिए भेजे गए डीवीआर रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के बाद ही आगे का अनुसंधान पूरा होगा।

-गजेन्द्र सिंह जोधा, अनुसंधान अधिकारी

Updated on:
10 Oct 2018 04:02 am
Published on:
14 Oct 2018 04:15 pm