
राजस्थान में दोबारा होगी एसआई भर्ती परीक्षा 2021 (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)
RPSC SI 2021 Re-Exam: अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद साल 2021 में आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को निरस्त कर दिया गया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जा रही है।
आयोग अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने बताया कि दोबारा परीक्षा में केवल वही 3 लाख 83 हजार 097 अभ्यर्थी बैठ सकेंगे, जो पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में शामिल हुए थे। नए आवेदकों को इसमें अवसर नहीं दिया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सितंबर 2026 में होना संभावित है।
अभ्यर्थियों को उनके पूर्व में भरे गए आवेदन पत्रों में आवश्यक सुधार और अपडेट करने का अवसर दिया जा रहा है। संशोधन की प्रक्रिया 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थी निम्नलिखित जानकारियों में बदलाव कर सकेंगे। जैसे कि मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस और पत्राचार का पता।
अभ्यर्थियों को अपने आवेदन में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में KYC (केवाईसी) प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य होगा। आयोग के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी ने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। वे 'फैच एप्लिकेशन फॉर्म' विकल्प के जरिए अपना पुराना डेटा नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकते हैं। केवाईसी पूरी होने पर आपकी लाइव फोटो, सिग्नेचर और अंगूठे का निशान अपने आप अपडेट हो जाएंगे।
खास बात यह है कि यदि आपको कोई संशोधन नहीं भी करना है, तब भी आपको आवेदन को 'एडिट मोड' में खोलना होगा। यहां आपको अपनी फोटो और बायोमेट्रिक डेटा के उपयोग की स्वघोषणा (डिक्लेरेशन) और सहमति देनी होगी। इसके बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अंत में मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करके ही फाइनल सब्मिट करना होगा।
आयोग सचिव ने स्पष्ट किया है कि आयु, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता जैसी पात्रता की शर्तें वर्ष 2021 के आधार पर ही तय की जाएंगी। इसमें वर्तमान स्थिति के अनुसार कोई बदलाव नहीं होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट और रिक्रूटमेंट पोर्टल देखते रहें।
Published on:
08 May 2026 01:43 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
