अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट, एसएसओ पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। कार्मिक के आदेश से 34 पदों की हुई बढ़ोतरी।
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की कृषि अधिकारी भर्ती-2019 में पदों की संख्या बढ़ गई है। सचिव शुभम चौधरी ने बताया कि 17 जनवरी 2020 को 63 पद के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। कार्मिक विभाग से मिले पत्र के अनुसार अब पदों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। इसके तहत अभ्यर्थी 20 अक्टूबर से 11 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट, एसएसओ पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
डॉ. भूपेंद्र सुबह तक थे डीजीपी, शाम को बने आरपीएससी अध्यक्ष
अजमेर. स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले पुलिस महानिदेशक रहे डॉ. भूपेंद्र यादव ने राजस्थान लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष पद संभाल लिया है। उनके अलावा आयोग में चार नए सदस्यों की नियुक्ति भी हुई। सात साल में यह पहला अवसर है जबकि आयोग में अध्यक्ष सहित सदस्यों का कोरम पूरा हुआ है।
पूर्व अध्यक्ष दीपक उप्रेती ने 23 जुलाई 2018 को कार्यभार सम्भाला था। आयोग के नियमानुसार अध्यक्ष अथवा सदस्य 62 साल की उम्र तक ही पद पर रह सकते हैं। इस लिहाज से उप्रेती का कार्यकाल बुधवार को पूरा हो गया। राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार को ही सेवानिवृत्त हुए निर्वतमान डीजीपी डॉ. भूपेंद्र यादव को अध्यक्ष और चार नए सदस्यों की नियुक्त आदेश जारी किए। डॉ.यादव आयोग के 35 वें अध्यक्ष बने हैं।
जल्द कराएंगे परीक्षाएं-साक्षात्कार
पदभार संभालने के बाद पत्रकारों में बातचीत में डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने 34 साल पुलिस सेवा में बिताए हैं। कानून की पालना, आईपीसी धाराओं से ज्यादा वास्ता रहा है। राजस्थान लोक सेवा आयोग संवैधानिक संस्था है। कोरोना संक्रमण के आरएएस 2018 सहित जो साक्षात्कार और परीक्षाएं बकाया हैं, उन्हें समय रहते पूरा किया जाएगा। निवर्तमान अध्यक्ष उप्रेती ने संस्थान को सशक्त बनाया है। इसके अनुरूप वे आयोग के कामकाज को गति देने और प्रतिष्ठा बनाए रखने का प्रयास करेंगे।