
Pushkar Mela 2026 Inauguration: पुष्कर (अजमेर): नगाड़ों की गूंज, लोक संगीत की धुन और देशी-विदेशी पर्यटकों के उत्साह के बीच मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु एवं धार्मिक मेले का विधिवत आगाज हुआ। कार्तिक मास की गोपाष्टमी पर सुबह 11 बजे मेला मैदान में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पूजा-अर्चना के बाद पुलिस की सलामी के बीच ध्वजारोहण कर मेले की शुरुआत की। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को राजस्थानी रंग में रंग दिया। नगाड़ों की थाप पर विदेशी पर्यटक भी खुद को थिरकने और वाद्ययंत्र बजाने से नहीं रोक सके।
समारोह में पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलेक्टर लोकबंधु और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मेला अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने अतिथियों का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया।
पुष्कर मेले के उद्घाटन समारोह का खास आकर्षण विदेशी कलाकारों की भागीदारी रही। नाथूलाल सोलंकी की टीम में करीब छह देशों के विदेशी विद्यार्थी नगाड़ा वादन सीख रहे हैं। ब्राजील से आईं साल्वे पिछले पांच साल से सोलंकी से इस पारंपरिक वाद्ययंत्र की ट्रेनिंग ले रही हैं। उन्होंने मंच पर नगाड़े की थाप के साथ लोक गायक मामे खान का गीत 'छुप ना जाओ जी' गाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। विदेशी कलाकारों की भारतीय लोक वाद्ययंत्र के साथ जुगलबंदी ने समारोह को खास बना दिया।
मेले में 'चक दे इंडिया' थीम पर देसी और विदेशी पर्यटकों के बीच फुटबॉल मुकाबला आयोजित किया गया। सात देशों से आए विदेशी पर्यटकों की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय पर्यटकों की टीम को 5-1 से शिकस्त दी। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबला किया और दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
मुकाबले के बाद पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया ने विजेता विदेशी टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विदेशी खिलाड़ी मुरिलो ने कहा कि भारत में फुटबॉल खेलना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। पुष्कर के लोग काफी मिलनसार हैं और यहां धूप में खेलने का अलग ही आनंद आया। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाड़ियों की भी तारीफ की।
मेले में हॉर्स शो के दौरान अजमेर जिला पुलिस के जवानों ने घोड़ों पर सवार होकर कई रोमांचक करतब दिखाए। इसी बीच ढोल की थाप पर घोड़ों को नचाने के दौरान एक भैंसा अचानक बिदक गया। उसने दो घोड़ों पर हमला कर उन्हें गिरा दिया। इतना ही नहीं, पास में खड़ी एक जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पशु मेले में इस बार महंगे और खास नस्ल के पशु भी पर्यटकों का ध्यान खींच रहे हैं। करीब एक करोड़ रुपए कीमत की घोड़ी 'नगीना' मेले में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं कोटा से लाया गया पांच साल का ग्रेट डेन नस्ल का डॉग भी लोगों के बीच चर्चा का विषय है। 40 इंच से अधिक ऊंचाई वाले इस डॉग को देखने और उसके साथ तस्वीरें लेने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
डॉग के मालिक के अनुसार, उसे बिक्री के लिए नहीं, बल्कि प्रदर्शन के उद्देश्य से मेले में लाया गया है। उसकी डाइट में घर का बना चिकन, चावल और अंडे शामिल हैं। मालिक ने बताया कि इसकी ब्रीडिंग फीस 35 से 40 हजार रुपए है, जबकि फीमेल डॉग की नस्ल और गुणवत्ता के अनुसार यह शुल्क 40 से 50 हजार रुपए तक हो सकता है।
कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर मेले को लेकर हर साल देशी और विदेशी पर्यटकों में खासा उत्साह रहता है। इस बार भी बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे हैं। मेले में हर साल कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है और इस बार भी कई नए कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। उन्होंने नगाड़ा बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और मेले में आए पर्यटकों को शुभकामनाएं दीं।