
अजमेर। पुष्कर मेले में श्रद्धालुओं और सैलानियों की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अजमेर जिला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। पुलिस ने पुष्कर आने वाली निजी, रोडवेज बसों के प्रवेश, सवारियां उतारने और वापसी के मार्ग निर्धारित कर दिए हैं। आगामी 17 नवंबर तक मारवाड़ बस स्टैंड पर बसों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। प्रतिबंधित क्षेत्र में बस खड़ी मिली तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार यातायात शाखा ने बसों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं। यातायात निरीक्षक नीतू राठौड़ ने बताया कि अजमेर से आने वाली सभी निजी और रोडवेज बसें अजमेर रोड चुंगी नाका से नोखण्डी होते हुए नए बस स्टैंड पहुंचेंगी। यहां सवारियों को उतारने के बाद बसें बांगड तिराहा से भटबाय, सुधाबाय, बूढ़ा पुष्कर और कानस होते हुए नागौर रोड हाइवे से अजमेर या नागौर की तरफ जा सकेंगी।
नागौर की तरफ से आने वाली बसें तिलोरा होते हुए पुष्कर में प्रवेश करेंगी। इन बसों को नागौर रोड स्थित कृषि मंडी(फूल मंडी) व आरटीडीसी पार्किंग में सवारियां उतारनी होंगी। इसके बाद बसें तिलोरा होते हुए नागौर रोड हाइवे से नागौर या अजमेर की तरफ लौट सकेंगी।
पीसांगन की तरफ से आने वाली बसें गनाहेड़ा होते हुए पुष्कर पहुंचेंगी। बसों को आरटीडीसी पार्किंग के अंदर सवारियां उतारनी होंगी। देवनगर रोड की तरफ से आने वाली बसें भी आरटीडीसी पार्किंग में ही सवारियां उतार सकेंगी। दोनों मार्गों से आने वाली बसें सवारियां उतारने के बाद तिलोरा होते हुए नागौर रोड हाईवे से आगे रवाना होंगी।
पुष्कर का धार्मिक मेला 20 नवम्बर काे कार्तिक मास की प्रबोधिनी एकादशी तिथी के पहले पंचतीर्थ महास्नान के साथ शुरू होगा जो पूर्णिमा तक चलेगा। पुष्कर पुरोहित संघ की ओर से कार्तिक मास की अष्ठमी तिथी पर 17 नवम्बर को मंत्रोच्चार पूजन करके पुष्कर सरोवर के ब्रह्म घाट पर झंडारोहण करके मेले की शुरूआत की जाएगी। सचिव बादल पाराशर ने बताया कि शाम को पुष्कर सरोवर की महाआरती होगी तथा अन्नकूट महोत्सव भी होगा।