
-रोहिताश सिंह गुर्जर
Pushkar Mela 2026: अजमेर: उत्तरी भारत में प्रसिद्ध पुष्कर का कार्तिक मेला अपनी सनातन संस्कृति, ग्रामीण सभ्यता और ऐतिहासिकता के कारण जाना जाता है। महिला-पुरुषों की ग्रामीण वेशभूषा, रंग-बिरंगी पगड़ी, दाल-बाटी-चूरमा से लेकर मालपुए, रबड़ी और लड्डू की मिठास तथा भाषा विदेशी मेहमानों का दिल जीत रही है। सात समंदर पार से आए विदेशी मेहमान मेले में लोकगीतों की मनभावन धुन, रेतीले धोरों पर घुड़सवारी और बड़े-बड़े झूलों का आनंद लेकर भारतीय संस्कृति से रोमांचित हो रहे हैं। अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया और जापान से आए सैकड़ों विदेशी पर्यटक इन दिनों पुष्कर की गलियों, घाटों और मेले में झांकियां देखते नजर आ रहे हैं।
पुष्कर सरोवर पर आरती, घाटों पर स्नान और दीपदान जैसी परंपराएं विदेशी पर्यटकों को खूब भा रही हैं। विदेशी भी सुबह 5 बजे उठकर घाट पर ध्यान कर रहे हैं। वेशभूषा में पुरुषों को पगड़ी, कुर्ता, धोती और पैरों में पहनने वाली मोजड़ी पसंद आ रही है। वहीं, घाघरा-चोली, ओढ़नी, चूड़ियां और बिंदी भी उन्हें खूब लुभा रही हैं। खान-पान में दाल-बाटी-चूरमा, कढ़ी-कचौड़ी, मालपुआ-रबड़ी, लस्सी और कुल्हड़ में चाय की चुस्कियों का आनंद ले रहे हैं। कालबेलिया नृत्य, एकतारे के साथ गायन करते कलाकार, घुड़सवारी, मेहंदी और मांडणे जैसी लोक संस्कृति को कैमरों में कैद कर रहे हैं।
मन को मिली शांति
इटली की लीला कहती हैं कि पुष्कर जैसा कुछ नहीं देखा। यहां के लोग दिल के बहुत अच्छे हैं। सुबह ब्रह्मा मंदिर में आरती देखकर मन को ऐसी शांति मिली, जो इटली में कभी नहीं मिली। यहां के मालपुए और लड्डू, आलू-पूड़ी और दही-बड़े मुझे बहुत पसंद आए। मुझे यहां का शुद्ध शाकाहारी भोजन बहुत पसंद आ रहा है। महिलाओं की घाघरा-चोली वाली वेशभूषा भी खूब पसंद आई। मैं लौटते वक्त घाघरा-चोली खरीदकर साथ लेकर जाऊंगी।
पगड़ी बांधना सीखूंगा
जर्मनी से आए मेहमान नीनो ने कहा कि मुझे राजस्थानी वेशभूषा में सबसे ज्यादा पगड़ी और धोती ने आकर्षित किया। मैं भी यहां पगड़ी बांधना सीखूंगा। टांगों और घोड़ों की सजावट, मिट्टी के टीले और सुबह-शाम मंदिरों में घंटियों की गूंज मन को भाती है। राजस्थानी गीत भले ही समझ में नहीं आते, लेकिन सुनने में बहुत अच्छे लगते हैं। घाटों और मंदिरों में सामूहिक प्रार्थना के दौरान अंतरात्मा से जुड़ाव महसूस होता है।
पुष्कर का आकर्षण कम नहीं
जर्मनी में नौकरी कर रहीं मूलत: दिल्ली की रहने वाली वैशाली के अनुसार, पुष्कर देश ही नहीं, पूरी दुनिया का अनूठा अजूबा है। इसका आकर्षण कभी कम नहीं हो सकता। मैंने अपने विदेशी दोस्तों के साथ यहां घूमने का प्लान बनाया। यहां हम सभी भारतीय संस्कृति को खूब एन्जॉय कर रहे हैं। भले ही मैं विदेश में रह रही हूं, लेकिन आत्मा तो भारत में ही बसती है।
'यहां आकर दिल से जीना सीखें'
जापान के आतरज ने बताया कि पुष्कर में हम दिल से जीना सीख रहे हैं। यहां हमारा आठ लोगों का ग्रुप है। हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे घूमने के दिनों में ही मेला लग रहा है। यहां सजी-धजी गाड़ियों में भ्रमण करना, पुष्कर सरोवर में धार्मिक स्नान, दीपदान और सामूहिक आरती का अपना अलग ही आकर्षण है। यहां मैंने महसूस किया कि धर्म यहां सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि जीने का एक विशेष तरीका है।