अजमेर

बोले पीयूष गोयल, कांग्रेस की टूटफूट की राजनीति, भाजपा एक तिहाई बहुमत से बनाएगी सरकार

www.patrika.com/ajmer-news
2 min read
Dec 03, 2018
railway minister piyush goyal commented on congress
बोले पीयूष गोयल, कांग्रेस की टूटफूट की राजनीति, भाजपा एक तिहाई बहुमत से बनाएगी सरकार

अजमेर. रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस जाति, वंशवाद, जोड़ तोड़ एवं टूटफूट की राजनीति करती है जबकि भाजपा विकास की राजनीति करती है। कांग्रेस की यह राजनाति राजस्थान की जनता के सामने नहीं टिक सकेगी। राजस्थान में भाजपा एक तिहाई बहुमत से फिर सरकार बनाएगी। राज्य में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार ने डबल डेकोर के इंजन के रूप में विकास को तेज गति दी है। अब जनता को तय करना है कांग्रेस की रेंगती सरकार को चुनना है या तेज गति से विकास कराने वाली भाजपा को।


अजमेर में सोमवार को पत्रकार वार्ता में गोयल ने कहा कि राजस्थान में वर्ष 2008-13 के मध्य अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार ने विकास की गति को धीमी कर दी, राजस्थान विकास से वंचित हो गया, केन्द्र में यूपीए व राज्य में कांग्रेस सरकार के बावजूद राज्य की कांग्रेस सरकार ने अकेले ऊर्जा विभाग में 5 वर्ष में 12 से 15 हजार करोड़ रुपए का घाटा कर दिया और करीब 78 हजार करोड़ रुपए का ऋण डिस्कॉम पर थोपा। मगर इसके बाद राज्य में बनी वसुंधरा राजे सरकार ने इस जर्जर व्यवस्था को सुधारा एवं ऊर्जा विभाग को घाटे से उबारा। भाजपा सरकार ने नवीकरण ऊर्जा को बल दिया और 509 गांवों को बिजली से जोडऩे का महत्वपूर्ण काम किया।

केन्द्र में 2014 में जब मोदी सरकार बनी तो 14 वें वित्त आयोग में राजस्थान को विकास के लिए ढाई गुना राशि का आवंटन किया। राज्य में विकास पर जो निवेश हुआ इसे डेढ़ लाख करोड़ से बढ़ाकर सवा 4 करोड़ लाख रुपए, करीब ढाई गुना बढ़ोत्तरी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ना तो नेता तय है उनकी नियत साफ है, राज्य में वसुंधरा राके नेतृत्व में बहुमत से सरकार बनेगी।

रेलमंत्री ने इन्हें बताया डबल डेकोर इंजन

उन्होने उदाहरण दिया कि जब रेल को तेज गति से गंतव्य तक पहुंचाना होता है तो डबल डेकोर का इंजन लगाना होता है। भाजपा ने देश व राज्य में विकास के लिए डबल डेकोर इंजन के रूप में केन्द्र में मोदी एवं राज्य में वसुधरा राजे डबल डेकोर के इंजन के रूप में कर रहे हैं काम।

कालेधन पर रोक, ईमानदार देश की छवि बनाई

गोयल ने कहा कि मोदी सरकार ने कालेधन पर रोक लगाई। ईमानदार देश की छवि विश्व में भारत की बने ताकि और अधिक निवेश आए, ईमानदार व्यवस्था युवाओं को रोजगार के लिए मिले। उन्होंने कहा कि मोदी की सरकार बनने के बाद रेलवे ने ढाई गुना निवेश बढ़ा है।

तेलंगाना में निचले स्तर की राजनीति कर रही कांग्रेस

रेलमंत्री ने कहा कि आज तेलंगाना में कांग्रेस ने घोषणा की है कि तेलंगाना में समुदाय विशेष के लिए घोषणापत्र बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निचले स्तर की राजनीति कर रही है।

टाल गए रेलवे विकास के सवालों को

अजमेर रेल मंडल संबंधी पूछे गए कई सवालों को टाल गए। एंट्री गेट, म्यूजियम सहित सवालों पर एक ही जवाब दिया कि चेक करवाते हैं। गोयल ने यहां तक कह दिया कि विधानसभा चुनावों के बाद एक बार रेलवे अधिकारियों के साथ बैठकर सिर्फ रेलवे के विकास कार्यों संबंधी प्रेस वार्ता करेंगे।

यह रहे मौजूद

अजमेर दक्षिण विस क्षेत्र की प्रत्याशी अनिता भदेल, कंवल प्रकाश किशनानी, धर्मेश जैन, डॉ. दीपक भाकर, मोहित जैन आदि मौजूद रहे।

Published on:
03 Dec 2018 07:00 pm