बरसात से मौसम में बनी हुई है हल्की ठंडक। गांवों में भी अच्छी बारिश के समाचार हैँ।
अजमेर.
शहर में बरसात का दौर जारी है। सोमवा सुबह से फुहारें पड़ रही हैं। कभी तेज तो कभी रिमझिम फुहारों से मौसम में हल्का ठंडापन बना हुआ है।
अलसुबह 5 बजे से हल्की फुहारों का दौर शुरू हुआ। वैशाली नगर, पंचशील, माकड़वाली रोड,आगरा गेट, जयपुर रोड, पुलिस लाइंस, आनासागर लिंक रोड, पुष्कर रोड और अन्य इलाकों में टपका-टपकी हो रही है। हरिभाऊ उपाध्याय नगर, कोटड़ा, आदर्श नगर, धौलाभाटा, मेयो लिंक रोड, गुलाबबाड़ी, मदार, महाराणा प्रताप नगर और आसपास के इलाकों में भी बारिश भिगो रही है गगवाना, पुष्कर, चाचियावास, तबीजी और अन्य गांवों में भी अच्छी बारिश के समाचार हैँ।
औसत बरसात से पीछे....
औसत बरसात के आंकड़े से जिला और शहर अभी पीछे है। जुलाई और अगस्त में मानसून बहुत ज्यादा मेहरबान नहीं हुआ है। अब तक 387 से 400 मिलीमीटर बरसात ही हुई है। जबकि शहर और जिले की औसत बारिश 550 मिलीमीटर मानी जाती है।
सितंबर से उम्मीद
राज्य और जिले में मानसून का पीक सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। इस लिहाज से तीन महीने निकल चुके हैं। अब जिले को सितंबर से आस है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक 387 मिमी बारिश हुई है। जबकि जिले की औसत बरसात 550 मिलीमीटर है। अभी जिले के 50 प्रतिशत से ज्यादा जलाशयों में पर्याप्त पानी की आवक नहीं हुई है।
काउंसलिंग की तैयारी, होगी डॉक्यूमेंट्स की जांच
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्वावधान में प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा- 2018 के अभ्यर्थियों की काउसंलिंग कुछ देर में प्रारंभ होगी। इस दौरान अभ्यर्थियों की पात्रता जांच की जाएगी।
सचिव शुभम चौधरी ने बताया कि काउंसलिंग सोमवार से राजकीय उच्च अध्ययन संस्थान (टीटी कॉलेज) में चलेगी। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व उपस्थित होना होगा। विस्तृत आवेदन पत्रों की जांच कार्यक्रम और अभ्यर्थियों के प्रपत्र आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं। अभ्यर्थी इन्हें डाउनलोड कर भर सकेंगे।
अभ्यर्थी विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियां और स्वप्रमाणित दस्तावेजों की एक प्रति के साथ और मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित काउंसलिंग के दौरान उपस्थित हो सकेंगे। काउंसलिंग 15 सितंबर तक चलेगी।