अजमेर

राजस्थान पुलिस दिवस : सेवा, साहस और समर्पण को मिलेगा सम्मान

सोमवार को श्रमदान से चार दिवसीय कार्यक्रम शुरू, आगामी तीन दिन में सम्मान समारोह, रक्तदान, वाहन रैली व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

2 min read
Apr 14, 2026
सोमवार को पुलिस लाइन में सफाई कार्य करते पुलिस अधिकारी। पत्रिका

अजमेर(Ajmer News). राजस्थान पुलिस एकीकरण का ऐतिहासिक दिवस 16 अप्रैल ‘पुलिस दिवस’ के रूप में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। अजमेर में जिला स्तर पर पुलिस लाइन में परेड, पदक वितरण, रक्तदान शिविर व वाहन रैली जैसे कार्यक्रम होंगे।श्रमदान से कार्यक्रमों की शुरुआत

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि चार दिवसीय कार्यक्रम की श्रृंखला में सोमवार सुबह पुलिस लाइन में सफाई एवं श्रमदान से आयोजन की शुरुआत की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी और थानाधिकारी समेत पुलिसकर्मी पीटी ड्रेस में सफाई कार्य में जुटे। थानों में थाने के स्टाफ ने साफ-सफाई की। इसी तरह 16 अप्रेल तक प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

15 अप्रैल को विद्यार्थियों के लिए सावित्री बालिका उ.मा.विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की क्विज प्रतियोगिता होगी। विजेता 17 अप्रेल को रेंज स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। शाम को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सभागार में पुलिसकर्मियों व उनके परिजन सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।

मुख्य समारोह में आईजी लेंगे सलामी

मुख्य समारोह 16 अप्रैल को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा। सुबह साढ़े 7 बजे पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह परेड की सलामी लेंगे। समारोह में पुलिसकर्मियों को विशिष्ट सेवा पदक और अन्य सम्मान प्रदान किए जाएंगे। वहीं सुबह 9 से 11 बजे तक रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वाहन रैली-बैण्ड वादन होंगे आकर्षण. . .

16 अप्रेल को ही शाम 5 बजे पुलिस लाइन से प्रमुख मार्गों पर वाहन रैली निकाली जाएगी, जो विभिन्न चौराहों से होते हुए रीजनल चौराहा पहुंचेगी। शाम 7 बजे नई चौपाटी पर पुलिस बैण्ड प्रस्तुति देगा जो आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।

1949 में हुआ था पुलिस का एकीकरण

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के अनुसार राज्य के गठन के बाद 16 अप्रैल 1949 को तत्कालीन राज्य प्रमुख ने राजस्थान पुलिस (एकीकरण) अध्यादेश लागू कर पुलिस का एकीकरण किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में हरसाल पुलिस दिवस मनाया जाता है।

Published on:
14 Apr 2026 03:13 am
Also Read
View All