मानस प्रेमी कर रहे अखंड पाठ, पूर्णाहुति आज कई स्थानों की मंडलियां शामिल, 71 आसनों पर सजोड़े बैठे भक्त
अजमेर. श्री समस्त मानस मण्डल के तत्वावधान में शनिवार को गंज स्थित जनकपुरी में 36 घंटे का अखण्ड रामायण पाठ प्रारंभ हुआ। अजमेर, जयपुर और बांदीकुई की मंडलियों सहित मानस प्रेमियों की ओर से पाठ किया गया। 71 आसनों पर भक्तों ने भी जोड़े के साथ पाठ किया। पहले दिन बालकाण्ड, अयोध्याकाण्ड, अरण्यकाण्ड का वाचन किया।सुबह आठ बजे आरती हुई। इसके बाद बाल काण्ड से पाठ प्रारंभ हुआ। दोपहर 12 बजे शंकर विवाह में भोलेनाथ की आरती की गई। सांयकाल भगवान राम के जन्म की आरती हुई। बच्चों से लेकर बड़ों ने उत्साह से पाठ में हिस्सा लिया। इस दौरान भक्त भाव-विभोर होकर नाचने लगे। इस दौरान राजदीप शर्मा, देवदत्त शर्मा, ललित कुमार अग्रवाल, विजय कुमार अग्रवाल, संजय कंदोई आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।
तरह-तरह का प्रसाद
आरती के बाद मिश्री मावा, कलाकंद, पेड़े, लड्डू, श्रीखण्ड, खीर सहित अन्य तरह का प्रसाद वितरित किया जा रहा है।
सात काण्ड हैं रामायण में
मानस मंडल के अध्यक्ष पं. सुदीन्द्रनाथ आचार्य ने बताया कि रामायण में सात काण्ड हैं। इस दौरान बालकाण्ड, अयोध्याकाण्ड, अरण्यकाण्ड, किष्किन्धाकाण्ड, सुन्दरकाण्ड, लंकाकाण्ड और उत्तरकाण्ड का पाठ किया जा रहा है।
आज यह कार्यक्रम
संगीत प्रभारी शीला फड़के ने बताया कि रविवार को सुन्दरकाण्ड पाठ होगा। शाम सवा 5 बजे शंकर आरती और रात 8 बजे पूर्णाहुति होगी। इसी तरह लंका विजय व राज्याभिषेक आरती भी होगी।