RBSE 10th Result 2026: राजस्थान बोर्ड 10वीं के लाखों स्टूडेंट्स अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने रिजल्ट को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है।
अजमेर। राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट कब आएगा? प्रदेश के लाखों स्टूडेंट्स इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का नया अपडेट सामने आया है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्टूडेंट्स को फिलहाल वेबसाइट न खोलने की सलाह दी है। साथ ही केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है। ऐसे में माना जा रहा है कि कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम कभी भी जारी किया जा सकता है। हालांकि, अभी डेट फाइनल नहीं की है। रिजल्ट जारी होने के बाद ऑफिशियल वेबसाइट पर स्टूडेंट्स परिणाम देख सकते है।
आरबीएसई ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि राजस्थान बोर्ड की वेबसाइट पर अभी बहुत वर्क चल रहा है। ऐसे में स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वेबसाइट को ना खोले। बोर्ड ने कहा कि रिजल्ट की सूचना जारी होने से पहले साझा की जाएगी।
साथ ही लिखा कि राजस्थान बोर्ड की वेबसाइट क्रैश होने के 2 महत्वपूर्ण कारण है। जिनमें पहला 10वीं, 12वीं के रिजल्ट की जांच और रीट परीक्षा का रिकॉर्ड RSSB बोर्ड को भेजना है।
इससे पहले राजस्थान बोर्ड ने कहा था कि 10वीं के रिजल्ट डेट को लेकर समिति में एक बैठक का आयोजन होगा और जल्द ही डेट और टाइम की सूचना साझा की जाएगी।
राजस्थान बोर्ड 10वीं रिजल्ट जारी करने के साथ ही इस बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने वाला है। क्योंकि अक्सर देखा जाता है कि राजस्थान बोर्ड मई से जुलाई के बीच में 10वीं का रिजल्ट जारी करता है। लेकिन, पहली बार ऐसा होने जा रहा है कि राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट मार्च में जारी करने वाला है।
बता दें कि राजस्थान बोर्ड 10वीं की परीक्षाएं 12 से 28 फरवरी के बीच हुई थी। इस बार परीक्षा में 1,068,078 स्टूडेंट्स बैठे थे। 6 विषयों की परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 6193 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसके बाद महज 20 दिन में 30915 परीक्षकों ने 64,08,468 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की। बड़ी बात ये रही कि 3,20,423 उत्तर पुस्तिकाएं हर रोज जांची गई।
वहीं, कक्षा 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कक्षा 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 24 मार्च को जारी होने की संभावना है। इसके अलावा कक्षा 12वीं (विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय) का परिणाम भी 28 से 30 मार्च के बीच एक साथ जारी होने की संभावना जताई जा रही है।