अजमेर

फटाफट अंदाज में पढ़ें अजमेर की कुछ खास खबरे

फटाफट अंदाज में पढ़ें अजमेर की कुछ खास खबरे
4 min read
Jun 26, 2018
read ajmer related news in one package
फटाफट अंदाज में पढ़ें अजमेर की कुछ खास खबरे

1) विभिन्न परीक्षा परिणाम जारी

अजमेर. महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय ने सोमवार को एम ए प्रीवियस पॉलिटिकल साइंस, एम.ए. फाइनल अंग्रेजी, बीएड प्रोग्राम सहित अन्य परिणाम जारी किए हैं। परिणाम वि.वि. की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

2) इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसीपल माहेश्वरी ने भेजा इस्तीफा

अजमेर. राजकीय बॉयज एवं गल्र्स इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसीपल रंजन माहेश्वरी ने मूल विभाग में वापस जाने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को अपना इस्तीफा भेज दिया है। प्रिंसीपल माहेश्वरी कोटा आरटीयू में वापस जाने के इच्छुक हैं। उन्होंने तकनीकी शिक्षा विभाग को इस्तीफा भेज दिया है।

3) बारादरी पर अब नियमित होगी सफ ाई, मॉर्निंग वॉकर्स को मिलेगी सुविधा

देवनानी ने की जिला कलक्टर से चर्चा, रात्रि में की जाएगी सफाई
अजमेर. अजमेर की बारादरी पर मॉर्निंग वॉक करने वालों तथा घूमने आने वालों को अब गंदगी नहीं देखनी पड़ेगी। शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने जिला कलक्टर आरती डोगरा, नगर निगम तथा पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों से यहां सफ ाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की है। यहां रात्रि में सफ ाई करवाई जाएगी ताकि सुबह स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिले। शिक्षा राज्यमंत्री देवनानी ने सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान यहां घूमने आने वाले शहरवासियों से चर्चा की। नागरिकों ने उन्हें बताया कि बारादरी पर सफ ाई व्यवस्था सही नहीं है। सफ ाई का समय निश्चित नहीं होने से सुबह-सुबह गंदगी देखनी पड़ती है। साथ ही यहां मछलियों के लिए दाना बेचने वालों ने डेरा जमा रखा है जिससे भी अव्यवस्था होती है। इस पर देवनानी ने जिला कलक्टर डोगरा से चर्चा की। कलक्टर ने बताया कि बारादरी पर सफ ाई के लिए रात्रि में काम होगा। इसके लिए शीघ्र ही योजना पर अमल होगा ताकि शहर के लोगों को स्वच्छ बारादरी मिल सके।

4) संदिग्धावस्था में युवक की मौत

मदनगंज-किशनगढ़. चमड़ाघर क्षेत्र में सोमवार को एक युवक की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। गांधीनगर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मकराना चौराहा के पास प्रेमनगर सरस्वती कॉलोनी निवासी कैलाश बागरिया ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सुबह 8.45 बजे बड़ा भाई गोविंद उर्फ कानाराम बागरिया (23) घर पर अचेतावस्था में मिला। इस पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सहायता से उसे यज्ञनारायण चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कैलाश ने पुलिस को बताया कि गोविंद की छह महीने पहले ही शादी हुई थी और ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।

5) एक जोड़ी कॉर्निया दान में प्राप्त

अजमेर. आई बैंक सोसायटी को सोमवार को एक जोड़ी कॉर्निया दान में प्राप्त हुए हैं। आई बैंक के भरत शर्मा के अनुसार कल्याणीपुरा निवासी छोटूलाल (30) पुत्र बाबूलाल रेगर की मृत्यु की सूचना आई बैंक को मिली। टीम ने मोर्चरी में पहुच परिजन से सहमति पत्र भरवाकर कॉर्निया दान में प्राप्त किए।

6) बैंक के खिलाफ दायर प्रार्थना-पत्र खारिज

अजमेर. स्थायी लोक अदालत ने एसबीआई व बैंक ऑफ इंडिया के खिलाफ दायर प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया। प्रार्थी मदार निवासी नंद किशोर ने अदालत में प्रार्थना पत्र दायर कर बताया कि 1.20 लाख रुपए का एक चेक साबिर हुसैन ने परिवादी के पक्ष में जारी किया। बाद में अपर्याप्त निधि के अभाव में बैक ने चेक अनादरित हो गया। प्रार्थी ने बैंक पर मिलीभगत कर उसके चेक राशि को हड़पने का आरोप लगाते हुए क्षतिपूर्ति की मांग की। बैंक के वकील गुलजीत सिंह छाबड़ा ने तर्क दिया कि मामला क्षेत्राधिकार के बाहर होने के कारण खारिज होने योग्य है।

7) दम्पती सम्पर्क पखवाड़ा कल से

अजमेर. सीमित परिवार और स्थाई व अस्थाई परिवार कल्याण साधनों की जानकारी देने के लिए 27 जून से 10 जुलाई दम्पती सम्पर्क पखवाड़ा शुरू होगा। जिले के कस्बे, गांव- ढाणियों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में लोगों को जागरुक करेंगे। इसके बाद 11 से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा चलेगा। इस बार द्वितीय जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान परिवार विकास मेलों का आयोजन भी किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. के.के. सोनी ने बताया कि दो चरणों में चलने वाले परिवार कल्याण अभियान के पहले चरण में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर- घर जाकर दम्पत्तियों को सीमित परिवार रखने के लाभ सहित अन्य जानकारियां देंगे। अति. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प.क.) डॉ. सम्पत सिंह जोधा ने बताया कि पखवाड़े में कार्यकर्ता सम्भावित जोड़ों की ग्रामवार सूची तैयार करेंगे।

8) राजस्व न्याय शिविर का बहिष्कार का निर्णय

अजमेर. आबादी विस्तार को लेकर हाथी खेड़ा ग्रामवासियों ने राजस्व शिविर न्याय आपके द्वार के बहिष्कार का ऐलान किया है। गांव के जनप्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर को पत्र प्रेषित कर हाथीखेड़ा में आबादी विस्तार नहीं किए जाने को लेकर ग्रामीण कई वर्षों से मांग कर रहे हेै लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। गांव 800 साल पुराना है इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। ग्राम पंचायत पट्टे जारी कर चुकी है। लेकिन आबादी विस्तार नहीं किया जा रहा। हाथी खेड़ा ग्राम पंचायत में बोराज, काजीपुरा के ग्रामीण परेशान है। गांव के लोगों को बेघर करने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने राजस्व न्याय शिविर के बहिष्कार करने का ऐलान किया है।

शिविर स्थगित, आज ऊंटड़ा में होगा :हाथी खेड़ा में प्रस्तावित न्याय आपके द्वार राजस्व शिविर स्थगित कर दिया गया है। अब यह शिविर मंगलवार को ऊंटड़ा में होगा। यह जानकारी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट कै लाश चंद शर्मा ने दी।

9) गोरक्षा के लिए आगे आएं मुसलमान- मौलाना जियाही

अजमेर. मुंबई की माहिम दरगाह के एडवाइजर व इल्मोहुनर ऑर्गनाइजेशन के चेयरमैन मुफ्ती मोहम्मद मंजूर जियाही ने कहा कि देश भर में भीड़ तंत्र द्वारा निर्दोंष लोगों की जा रही हत्याओं पर केन्द्र सरकार सख्ती दिखाए। इस तरह की घटनाएं देश के सौहार्द के लिए घातक है।
जियाही ने ख्वाजा गरीब की दरगाह जियारत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि गोरक्षा के लिए मुसलमानों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चा मुसलमान देश के प्रति मर मिटने का जज्बा रखता है। इसकी बानगी कश्मीर के औरंगजेब ने शहादत पाकर दी है। उन्होंने मुसलमानों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाकर देश की उन्नति में भागीदारी बनें।

10) कोटड़ा में नहीं बनेगा तेलंगाना हाउस

अजमेर. कोटड़ा आवासीय योजना में तेलंगाना हाउस निर्माण का फैसला फिलहाल टाल दिया गया है। एडीए चेयरमैन शिवशंकर हेड़ा ने बताया कि तेलंगाना हाउस शिलान्यास कार्यक्रम बुधवार को प्रस्तावित था। इसके लिए तेलंगाना सीएम के.चंद्रशेखर राव के यहां आने की भी सूचना थी लेकिन फिलहाल शिलान्यास कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। हेड़ा ने कहा कि तेलंगाना हाउस निर्माण के मामले में पुनर्विचार कर जल्द ही फैसला किया जाएगा। गौरतलब है कि कोटड़ा में तेलंगाना हाउस निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों ने मोर्चा खोल रखा है। उन्होंने तेलंगाना हाउस निर्माण विरोध मंच का गठन कर आंदोलन छेड़ दिया है। माना जा रहा है कि क्षेत्रवासियों के रोष को देखते हुए तेलंगाना हाउस को अन्यत्र शिफ्ट किया जा सकता है।

Published on:
26 Jun 2018 05:26 pm