अजमेर

फटाफट अंदाज में पढ़ें अपराध से जुड़ी अजमेर की छोटी बड़ी खबरें

अगर आप भी अजमेर से जुड़ी अपराध की खबरों को फटाफट अंदाज में पढऩा चाहते हैं तो पढ़ें यह खबर
3 min read
• •
Updated: 6 Dec 2017, 6:57 PM IST
crime
अपराध

अगर आप भी अजमेर से जुड़ी अपराध की खबरों को फटाफट अंदाज में पढऩा चाहते हैं तो पढ़ें यह खबर

अजमेर. जीसीए चौराहा पर मंगलवार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक प्रौढ़ की मौत हो गई। क्लॉक टावर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। अनुसंधान अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 9.30 बजे गेगल चाचियावास निवासी देवाराम खटीक (58) पीसांगन से गांव लौट रहा था। बस से लौटा देवाराम जीसीए चौराहा पर उतरा। बस से उतरने के बाद पैदल रास्ता पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इसमें उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसको जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क कर उसकी शिनाख्त की।

अवसाद में प्रौढ़ ने फांसी लगाई
अजमेर. मानसिक अवसाद में एक प्रौढ़ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। रामगंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार रामगंज गुर्जरवास पीएनटी कॉलोनी निवासी चिरंजीलाल (53) पुत्र बंशी लाल नायक ने सोमवार रात संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार तड़के कमरे में सो रहे बेटे की आंख खुली तो चिरंजीलाल फंदे पर लटका नजर आया। उसके शोर से परिवार के बाकी सदस्य जग गए। उसको परिजन जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

अजमेर. अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार शाम को रामगंज व गंज थाना पुलिस ने दो जनों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया है। रामगंज थाने के सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार ने मंगलवार शाम को सांसी बस्ती में दबिश देकर अवैध शराब की बिक्री कर रहे मुकेश उर्फ बंडा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 32 पव्वे अंग्रेजी शराब के बरामद किए। गंज थाने के सहायक उपनिरीक्षक रिछपालसिंह ने अजयसर बड़ी बस्ती में दबिश देकर कच्ची शराब बेच रहे राजू पुत्र हनुमान चीता को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उससे दो लीटर कच्ची शराब बरामद की।

नसीराबाद . सिटी थाना पुलिस ने दहेज प्रताडऩा के आरोपित भीलवाड़ा निवासी शंकर गुर्जर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश करेगी। कालीमाई मोहल्ला निवासी अंशु गुर्जर ने पति शंकर, ससुर कन्हैयालाल, सास शकुन्तला व देवर टिंकू के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाते हुये सिटी थाने में प्रकरण दर्ज करवाया था।

अंशु ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 16 जनवरी 2007 को हुआ था। विवाह के बाद उसने एक पुत्री को जन्म दिया और पुत्री के जन्म देने के बाद से ही आरोपी कम दहेज लाने की बात को लेकर उसे प्रताडि़त करते रहते थे। गत 22 मार्च 2017 को आरोपियों ने पचास हजार रुपए की मांग करते हुए उसे घर से निकाल दिया था।

Published on: