
अजमेर.
सीबीएसई ने दसवीं का परिणाम तैयार करने के लिए स्कूल स्तर पर बनने वाली आठ सदस्यीय कमेटी के नियम तय किए हैं। बाहरी सदस्यों में एक ही स्कूल प्रबंधन के दो शिक्षक शामिल नहीं हो सकेंगे। इसके अलावा स्कूल मनमर्जी से परस्पर कमेटियों का बदलाव नहीं कर सकेंगे।
सीबीएसई ने दसवीं की परीक्षाएं रद्द कर विद्यार्थियों को प्रमोट करने का फैसला किया है। इसके तहत आंतरिक मूल्यांकन 20 नंबर के होंगे। शेष 80 नंबर के तहत 10 अंक यूनिट/पीरियोडिक टेस्ट के होंगे। 30 अंक अद्र्धवार्षिक अथवा त्रैमासिक परीक्षा तथा 40 अंक प्री-बोर्ड परीक्षा के होंगे। परिणाम स्कूल पर गठित उच्च स्तरीय समिति तैयार करेगी।
नहीं कर सकेंगे परस्पर बदलाव
परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज के अनुसार रिजल्ट कमेटी में बाहरी सदस्यों में एक ही स्कूल प्रबंधन के दो शिक्षक शामिल नहीं हो सकेंगे। इसके अलावा स्कूल मनमर्जी से परस्पर कमेटियों का बदलाव नहीं कर सकेंगे। कमेटी में स्कूल प्राचार्य के रिश्तेदार अथवा दसवीं में अध्ययनरत किसी विद्यार्थी के परिजन (उसी स्कूल में शिक्षक होने पर) को शामिल नहीं किया जा सकेगा। कमेटी में सीबीएसई दो बाह्य सदस्यों की नियुक्ति भी करेगी।
इन नियमों का करना होगा पालन
-स्कूल प्राचार्य होंगे रिजल्ट कमेटी के अध्यक्ष
-कमेटी में पांच शिक्षक होंगे उसी स्कूल के
-कमेटी में दो शिक्षक होंगे अन्य स्कूल के
-कमेटियां रिजल्ट तैयारी से जुड़ी समस्याओं पर कर सकेंगी चर्चा