
अजमेर। राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा-2018 के प्रवेश पत्र में हुई तकनीकी त्रुटियों ने रविवार को प्रदेश में आरएएस परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में हलचल मच गई।
दरअसल टीएसपी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की कैटेगरी में तकनीकी तब्दीली होने के अलावा परीक्षा तिथि 10 अगस्त प्रिंट हो गई। गलती पता चलते ही राजस्थान लोक सेवा आयोग ने फिलहाल प्रवेश पत्रों की डाउनलोडिंग रोक दी है। प्रदेश में 5 अगस्त को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 होनी है। प्रदेश में इसके लिए 1454 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सभी जिला और तहसील मुख्यालयों पर होगी।
पोर्टल पर प्रवेश-पत्र अपलोड
सचिव पी. सी. बैरवाल के मुताबिक परीक्षा के लिए 5.10 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। आयोग ने प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। तकनीकी त्रुटि दुरुस्त होने के बाद अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र को डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा वेबसाइट पर लॉगिन कर और रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर भी प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे।
इनका कहना है
टीएसपी और नॉन टीएसपी क्षेत्र के कुछेक अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में तकनीकी त्रुटि हुई है। इसे तुरन्त ठीक करने के निर्देश दिए हैं। आरएस प्रारंभिक परीक्षा 5 अगस्त को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक यथावत होगी। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
-दीपक उप्रेती, अध्यक्ष आरपीएससी
वरना नहीं मिलेगा केंद्रों में प्रवेश
सचिव बेरवाल ने बताया कि अभ्यर्थियों को 5 अगस्त को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, 2.5 गुणा 2.5 साइज की नवीन रंगीन फोटो उपस्थिति पत्रक पर चिपकाकर लानी होगी। फोटो यक्त पहचान पत्र के तहत आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पेनकार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य कोई वैध दस्तावेज साथ लाना होगा। साथ ही दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के अभाव में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। आवंटित केद्र में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
आयोग रखेगा यह ध्यान...
बेरवाल के अनुसार अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर मुख्य केटेगरी ही अंकित की गई है। उप श्रेणी प्रदर्शित नहीं होने पर अभ्यर्थी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। आयोग उनके मूल आवेदन पत्र में भरी गई श्रेणी को ध्यान में रखते हुए अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।