
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पाकिस्तान एवं उत्तरी कोरिया दुनिया के लिए खतरा बने हुए हैं। मोदी सरकार ने दुनिया के बड़े मंच पर पाकिस्तान के आतंकी चेहरे को बेनकाब किया है। पाक कहने को तो एक मुल्क है लेकिन वह पाकिस्तान नहीं बल्कि आतंकिस्तान है। संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत पाक के आतंकवाद के चेहरे का नकाब उतार रहा है।
शाहनवाज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान मार खाकर थेथर (ढीठ) हो गया है। भारत ने गोलीबारी का भी करारा जवाब दिया सर्जिकल स्ट्राइक भी की है। मोदी के पास पाकिस्तान के हर सवाल का जवाब है, हर मर्ज का इलाज है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अमरीका गए हैं उनके दौरे की चर्चा है, क्योकि वे भारत सरकार पर हमला कर रहे हैं। वह अमरीका जाकर देश में साम्प्रदायिक सौहार्द नहीं होने की बात कह रहे हैं, जबकि आजादी के बाद साम्प्रदायिक सौहार्द भारत में ही है।
भाजपा सरकार घुसपैठ के खिलाफ
रोहिंग्या मुस्लिमों का नाम लिए बगैर शाहनवाज ने कहा कि भाजपा सरकार देश में घुसपैठ के खिलाफ है। हमारे देश में आज भी कई लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं, उन निर्बल को सबल बनाना है। हम म्यांमार में हिंसा के खिलाफ हैं लेकिन भारत में हजारों लोग घुसपैठ कर लें, सरकार उनके पक्ष में नहीं है।
प. बंगाल में सद्भाव बिगाडऩे की कोशिश
शाहनवाज ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि प. बंगाल में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे का प्रयास किया जा रहा है। ममता ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन रोककर सोचा कि कोई खुश होगा, जब मुस्लिम समुदाय ने ही एतराज नहीं किया तो ममता को एतराज क्यों? कई राज्यों में दोनों समुदाय के कई त्योहार साथ-साथ आते हैं, और आपस में शांतिपूर्वक मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री मोदी की तरह सबको साथ लेकर चलना चाहिए।
उपचुनाव में जीतेगी भाजपा
शाहनवाज ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार ने खूब विकास कराया है। कांग्रेस को मुख्यमंत्री की आलोचना के सिवा कोई काम नहीं। उन्होंने कहा कि लोकसभा एवं विधानसभा के दोनों उपचुनाव भाजपा जीतेगी। अजमेर , अलवर की संसदीय सीट व मांडलगढ़ की विधानसभा सीट पर भाजपा जीतेगी।
जीडीपी गिरावट आई, इसी शासन में बढ़ेगी भी
शाहनवाज ने जीडीपी की गिरावट की बात को स्वीकार किया और कहा कि बढ़ोतरी भी मोदी सरकार में आएगी। देश आगे बढ़ रहा है। पेट्रोल डीजल के दाम बढऩे पर उन्होंने कहा कि जीएसटी का प्रावधान पेट्रोल डीजल में भी किया जाएगा। इनके भाव अन्तरराष्ट्रीय बाजार से जुड़े हैं, कई बार दाम घटे हैं तो बढ़े भी हैं।