क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के साथ किया वारदात का खुलासा आरोपित युवक गिरफ्तार
अजमेर. दोस्त को परेशान करने के लिए एक युवक ने दोस्त के सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड चुराकर रिश्तेदार व परिचितों को अनर्गल मैसेज भेज दिए। मैसेज जाते ही दोस्त के घर में बवाल मचा तो पीडि़त के पिता ने क्रिश्चियन गंज थाने में शिकायत कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीडित युवक के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।
थानाप्रभारी करणसिंह खंगारोत ने बताया कि 21 मई को बालाजीनगर के पास रहने वाले राकेश पंचाल (46) ने रिपोर्ट दी कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके पुत्र के मोबाइल में छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया एप का पासवर्ड चोरी कर लिया। फिर उसके जानकार व्यक्तियों को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मैसेज भेज रहा है। शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। टीम ने तकनीकी सहायता लेते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। पुलिस टीम ने पंचशीलनगर सी ब्लॉक निवासी माजिद खान(21) को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
हमेशा रहते थे साथ
पुलिस पड़ताल में आया कि आरोपित माजिद खान परिवादी राकेश पंचाल के बेटे का दोस्त है। जो अक्सर उसके साथ रहता है। माजिद ने उसके बेटे के मोबाइल फोन का पासवर्ड देख लिया। आरोपित ने बेटे को परेशान करने की नियत से उसके जानकार व्यक्तियों को अनर्गल मैसेज कर दिए। कार्रवाई में हैडकांस्टेबल किशोरकुमार(विशेष योगदान), सिपाही हरेन्द्र, रामप्रकाश शामिल थे।
बरतें सावधानी-
-सोशल मीडिया प्रोफाइल को कैसे सुरक्षित रखें
-अनजान प्रोफाइल की ओर से भेजे गए मैसेज लिंक पर क्लिक ना करें।
-मोबाइल फोन और एप के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहे।
-सोशल अकाउंट का प्रमाणीकरण दो तरीको से करें ताकि अकाउंट आसानी से ना खोला जा सके।
-सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड मजबूत रखे।