14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ajmer Central Jail: बिना अनुमति जेलर और प्रहरी 2 महिला बंदियों को ले गईं साथ, मुख्यालय ने दोनों को जयपुर तलब किया

अजमेर सेंट्रल जेल के महिला सुधार गृह में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि महिला जेलर और प्रहरी दो महिला बंदियों को बिना रजिस्टर में एंट्री किए जेल परिसर से बाहर ले गईं जिसके बाद जेल मुख्यालय ने दोनों को जयपुर तलब किया है।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Akshita Deora

image

मनीष कुमार सिंह

Jul 14, 2026

Ajmer Central Jail

सेंट्रल जेल की फोटो: पत्रिका

Rajasthan News: अजमेर के सेंट्रल जेल स्थित महिला सुधार गृह में सुरक्षा व्यवस्था और जेल नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला जेलर, महिला प्रहरी के साथ दो महिला बंदियों को बिना रजिस्टर में इन्द्राज किए जेल परिसर से बाहर ले गईं। ड्यूटी पर तैनात महिला प्रहरी की सूचना पर जेल अधीक्षक ने हाजिरी कराई तो 108 के बजाय केवल 106 बंदी मौजूद मिलीं। बाद में महिला जेलर दोनों बंदियों को लेकर लौट आईं, लेकिन तब तक मामला जेल मुख्यालय तक पहुंच चुका था।

पत्रिका की पड़ताल में सामने आया कि रविवार दोपहर अजमेर सेंट्रल जेल स्थित महिला सुधार गृह में तैनात महिला जेलर एक महिला प्रहरी के साथ दो महिला बंदियों को जेल से बाहर लेकर निकल गई। ड्यूटी पर तैनात जेल संतरी ने जेल नियमों का हवाला देते हुए बाहर ले जाई जा रही महिला बंदियों के नाम और बाहर ले जाने का कारण रजिस्टर में दर्ज करने के लिए कहा लेकिन आरोप है कि महिला जेलर ने उसकी इस बात को नजरअंदाज करते हुए दोनों बंदियों को अपने साथ बाहर ले गईं।

घटना के बाद महिला संतरी ने पूरे घटनाक्रम की सूचना तत्काल जेल अधीक्षक आर. अनन्तेश्वरन को दे दी। सूचना पर जेल अधीक्षक महिला सुधार गृह पहुंचे और बंदियों की हाजिरी कराई। हाजिरी में जेल में दर्ज 108 महिला बंदियों के मुकाबले केवल 106 मौजूद मिलीं। इससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार जेल अधीक्षक ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जेल मुख्यालय को भेज दी।

जयपुर तलब किया

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद महिला जेलर दोनों महिला बंदियों को लेकर महिला सुधार गृह लौट भी आईं। हालांकि दोनों बंदियों को किस उद्देश्य से, किस स्तर की अनुमति के आधार पर जेल से बाहर ले जाया गया इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल मुख्यालय ने महिला जेलर और उनके साथ गई महिला प्रहरी को जयपुर तलब किया है।

आने-जाने पर कड़ी पाबंदी

सोमवार को जेल विभाग की डीआईजी मोनिका अग्रवाल ने भी सेंट्रल जेल का निरीक्षण किया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि निरीक्षण के दौरान इस घटनाक्रम पर कोई चर्चा हुई या नहीं। सोमवार से अजमेर सेन्ट्रल जेल के प्रवेश द्वार पर आने-जाने पर कड़ी पाबंदी लगा दी गई।

यह जेल के भीतर का मामला है। इस संबंध में न तो अभी कोई कार्रवाई हुई है ना मुझे कुछ कहना है।
आर. अनन्तेश्वरन, अधीक्षक, अजमेर सेंट्रल जेल