12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ajmer Crime: मामूली विवाद में हुई हिंसा, चचेरे भाई ने लाठी से पीट-पीटकर की भाई की हत्या

राजस्थान के अजमेर जिले में रविवार को खेत में मवेशी घुसने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चचेरे भाइयों के बीच हुई मारपीट में लाठी के वार से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Jul 12, 2026

Ajmer Murder

Ajmer Murder: घायल युवक को उपचार के लिए ले लाते परिजन। (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। जिले के मसूदा उपखंड के शिवपुरी गांव में खेत में मवेशी घुसने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आपसी कहासुनी के बाद चचेरे भाइयों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शिवपुरी निवासी श्यामसुंदर पुत्र बालकनाथ का अपने चचेरे भाई श्रवण से खेत में मवेशी घुसने की बात को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान श्रवण ने लाठी से श्यामसुंदर के सिर पर कई वार कर दिए।

सिर पर चोट लगने से हुई मौत

सिर पर गंभीर चोट लगने से श्यामसुंदर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल मसूदा उपजिला चिकित्सालय लेकर गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों को पुलिस ने शव सौंपा

सूचना मिलने पर मसूदा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हुईं।

यह वीडियो भी देखें :

बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पातल पहुंचे

घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और मृतक के घर पहुंच गए। मामूली विवाद में युवक की जान चली जाने से ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद शांत करा दिया जाता तो एक परिवार का सदस्य आज जिंदा होता।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की भूमिका, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।