अजमेर

Student election 2018: ये स्टूडेंट्स के अंदाज हैं जनाब, इन्हें देखकर आप भी कह उठेंगे वाह-वाह

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
• •
Updated: 24 Aug 2018, 8:15 AM IST
student union elections
student union elections

रक्तिम तिवारी/अजमेर।

पोस्टर-होर्डिंग लगाने और दीवारें रंगने पर भले पाबंदी हो, लेकिन छात्रसंघ चुनाव लडऩे वाले भावी नेताओं के लिए सोशल मीडिया सबसे बेहतरीन संसाधन है। उन्होंने फेसबुक, व्हाट्सएप पर धुआंधार प्रचार-प्रसार शुरू भी कर दिया है। देखे हैं जमाने में हमने भी बहुत...., यूं बना रहे हमेशा आपका साथ....जैसे संदेश इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। छात्र-छात्राओं ने स्टाइलिश फोटो और कैंपस से जुड़ा मेनिफेस्टो भी अपलोड किए हैं।

केंद्र और राज्य सरकारों की तरह छात्रसंघ चुनाव भी जबरदस्त हाइटेक बन चुके हैं। संभावित प्रत्याशियों ने हाइटेक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। फेसबुक और व्हाट्सएप के अलावा ट्विटर पर मैसेज, फोटो, वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। भावी नेताओं ने इसकी जिम्मेदारी इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेज में पढऩे वाले विद्यार्थियों, दूसरे शहरों से आए दोस्तों को सौंपी है। इन तकनीकी विशेषज्ञों ने आकर्षक संदेश, कट आउट और डिजाइनिंग कार्ड तैयार किए हैं।

मिला साथ तो गुजर जाएगा ये कारवां....
तकनीकी और प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों ने छात्रसंघ चुनाव के नारे, स्लोगन और आकर्षक संदेश तैयार किए हैं। मिला साथ तो गुजर जाएगा ये कारवां...,यॉर कैंपस यॉर लीडर्स...., प्लीज वोट एन्ड सपोर्ट.., आपके साथ खड़ा आपका लीडर.., नहीं करते झूठे वादे, पक्के हैं हमारे इरादे..., एक बार दीजिए हमें भी मौका दें..., देखें हैं जमाने हमने भी बहुत...जैसे संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। विशेषज्ञों की टीम छात्र-छात्राओं से मिल रहे कमेंट अैार फीडबैक को लेपटॉप, मोबाइल में नोट भी कर रहे हैं।

हॉस्टल-कॉलोनियों में वार रूम

कॉलेज और विश्वविद्यालय से चुनाव लडऩे वाले विद्यार्थियों ने हॉस्टल और कॉलोनियों में वार रूम बनाए हैं। इन्हें चुनाव कार्यालय में तब्दील किया गया है। एनएसयूआई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक शुरू हो गई हैं। टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है। प्रत्याशी चयन में जातिगत समीकरण, कैंपस में किए गए कामकाज, मतदाताओं (विद्यार्थी) पर पकड़ और अन्य बिन्दुओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

और तेज होगा घमासान

छात्रसंघ चुनाव 31 अगस्त को होंगे। मतदाता सूची गुरुवार को लगेगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया, कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय कैंपस में चुनावी घमासान तेज हो जाएगा। एनएसयूआई की चुनाव कमान शहर जिलाध्यक्ष विजय जैन, जिलाध्यक्ष नवीन सोनी सहित पूर्व जिलाध्यक्षों, कांग्रेस के पूर्व विधायकों-नेताओं के हाथ में रहेगी। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की चुनाव कमान शहर जिलाध्यक्ष अरविंद याद, विभाग संगठन मंत्री सोहन शर्मा सहित भाजपा और परिषद के उच्च पदाधिकारी संभालेंगे।

Published on: