अजमेर

Good News: इंतजार करते पथरा गई थी आंखें, बरसों बाद पूरा होगा इनका सपना

केन्द्रीकृत सॉफ्टवेयर बनाया गया है। इस पर कार्य करने के लिए एनआईसी को अधिकृत किया गया है।
2 min read
Jun 26, 2018
sweeper recruitment
sweeper recruitment

अजमेर

जिले के नगरीय निकायों में सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए लॉटरी प्रक्रिया बुधवार को पटेल मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई है। जिला कलक्टर आरती डोगरा ने बताया कि इसके लिए राज्य सरकार की ओर से केन्द्रीकृत सॉफ्टवेयर बनाया गया है।

इस पर कार्य करने के लिए एनआईसी को अधिकृत किया गया है। जिले के समस्त निकायों की लॉटरी के बाद विभिन्न स्थानों पर सूची चस्पा की जाएगी। अजमेर नगर निगम की सूची पटेल मैदान, नगर निगम कार्यालय तथा आजाद पार्क में चस्पा होगी।

ब्यावर नगर परिषद की सूची परिषद कार्यालय, चांदमल मोदी पुस्तकालय, उपखण्ड अधिकारी कार्यालय, पटेल स्टेडियम तथा सूचना केन्द्र अजमेर में उपलब्ध रहेगी। इसी प्रकार पुष्कर उपखण्ड अधिकारी कार्यालय, नगरपालिका, पंचायत समिति तथा पटेल मैदान में चस्पा होगी। किशनगढ़ की सूची नेहरू धर्मशाला, नगर परिषद, रविन्द्र रंगमंच तथा पटेल स्टेडियम में उपलब्ध होगी। सरवाड़ की नगरपालिका, तहसील, पटेल स्टेडियम तथा बिजयनगर की सूची चस्पा करने के लिए प्रज्ञा कॉलेज, नगरपालिका एवं पटेल स्टेडियम निर्धारित किए है।

ऑनलाइन होगी लॉटरी

एनआइसी के जिला सूचना अधिकारी अंकुर गोयल ने बताया कि लॉटरी का सॉफ्टवेयर स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जयपुर मुख्यालय स्तर पर तैयार किया गया है। लॉटरी के लिए लॉटरी समिति का गठन किया गया है। लॉटरी पूर्णतया कम्प्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। इस प्रक्रिया के लिए प्रत्येक जिले को आईडी और पासवर्ड जारी किए गए है। इनसे लॉग-इन करके ही लॉटरी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी रहेगी।

यह रहेगी प्रक्रिया
नगरीय निकाय में प्राप्त कुल आवेदन पत्रों एवं वर्गवार प्राप्त आवेदन पत्रों का डिसप्ले किया जाएगा। कुल रिक्त पदों एवं वर्तमान में प्रचलित आरक्षण के प्रावधानों के अनुसार कुल रिक्तियों का वर्गवार विभाजन डिसप्ले किया जाएगा। सबसे पहले भूतपूर्व सैनिक, उत्कृष्ट खिलाड़ी और विकलांगों की लॉटरी होगी। इसके पश्चात अनुसूचित जाति वर्ग की परित्यक्ता, अनुसूचित जाति विधवा वर्ग, अनुसूचित जाति सामान्य महिला और फिर पुरुष वर्ग की लॉटरी निकाली जाएगी। यही प्रक्रिया अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व अति पिछड़ा वर्ग के लिए की जाएगी। इसके बाद सामान्य वर्ग की लॉटरी होगी।

अगले दिन जारी होंगे नियुक्ति पत्र

प्रत्येक केटेगरी की लॉटरी निकाले जाने के पश्चात केटेगरी वार चयनित अभ्यर्र्थियों की सूची का हार्ड कॉपी में प्रिंट निकाला जाएगा एवं लॉटरी समिति के समस्त सदस्यों के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। लॉटरी में सफल अभ्यर्थियों के नामों की सूची विभिन्न स्थानों पर चस्पा की जाएगी। नगरीय निकाय की ओर से अगले दिन नियुक्ति पत्र निर्धारित प्रपत्र में कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों का पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल, दस्तावेज पूर्ति एवं सत्यापन एक माह के भीतर करवाया जाएगा।

अजमेर में 1115 पदों पर भर्ती

अजमेर नगर निगम के लिए 1115 सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया गत अप्रेल माह में शुरू हुई। इसमें 4787 आवेदन फार्म आए। इसमें 519 आवेदन पत्र निरस्त किए गए। अब लॉटरी प्रक्रिया में 4268 आवेदन पत्र शामिल होंगे।

Published on:
26 Jun 2018 11:05 am