www.patrika.com/rajasthan-news
अजमेर.
शहर में दिनदहाड़े चोरी की वारदाते थमने का नाम नहीं ले रही है। चोर गिरोह एक बाद एक वारदातें अंजाम देकर पुलिस की गश्त व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे हैं। चोर गिरोह ने क्रिश्चियन गंज व गंज थाना क्षेत्र में सूने मकान और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सरकारी स्कूल से पुराना फर्नीचर व कबाड़ चोरी कर ले गए। हालांकि सरकारी स्कूल में हुई चोरी की वारदात का मुकदमा दर्ज करने में पुलिस आनाकानी करती रही। काफी प्रयास के बाद पुलिस अधिकारी ने शिकायत ली।
केस-1 : सूने मकान से दिनदहाड़े ज्वैलरी-नकदी चोरी :
गंज थाना क्षेत्र में चोर सूने मकान से लाखों रुपए कीमत की ज्वैलरी और नकदी चोरी कर ले गए। पीडि़त खरेखड़ी अजयपाल रोड मोरला की ढाणी निवासी हनुमान सैन ने बताया कि वह फॉयसागर चौराहा पर अपनी दुकान पर आ गया जबकि परिवार के सदस्य दूसरे मकान पर चले गए। पीछे चोर सूने मकान में दो कमरे, संदूक का ताला तोडकऱ हाथ साफ कर गए। चोर संदूक में रखी पत्नी पप्पू देवी की चांदी की कनकती, सोने का बोर, बिछिया समेत 45 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गई ज्वैलरी की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है।
दूसरे दिन मुकदमा
सैन ने बताया कि मकान पर पहुंचा तो चोरी का पता चला। उसने तुरन्त गंज थाने को सूचना दी लेकिन उसकी सूचना पर काफी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। फिर उसने अभय कमांड सेंटर(पुलिस कन्ट्रोलरूम) को वारदात की इत्तला दी। कन्ट्रोल रूम को सूचना देने के बाद गंज थाना पुलिस रात 9 बजे पहुंची तब तक आसपास के लोग जुट चुके थे। ऐसे में पुलिस की एफएसएल टीम को सुराग जुटाने में कोई खास सफलता नहीं मिली।
केस-2 : नकदी व इलेक्ट्रोनिक्स उत्पाद चोरी :
वैशाली नगर क्षेत्र में पाŸवनाथ कॉलोनी में चोर सूने मकान का ताला तोडकऱ नकदी और इलेक्ट्रोनिक्स उत्पाद चोरी कर ले गए। पीडि़त की शिकायत पर क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वैशालीनगर पाŸवनाथ कॉलोनी निवासी विमल कुमार जैन ने शिकायत दी कि गत 24 सितम्बर को वह रामगंज स्थित अपने मकान पर चला गया। वह वापस लौटकर आया तो वैशालीनगर स्थित मकान के ताले टूटे मिले। जैन ने बताया कि चोर उसके मकान से 40 हजार रुपए की नकदी, पंखा समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा ले गए। वारदात में चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 से 30 हजार रुपए आंकी गई है।
केस-3 : सरकारी स्कूल के तोड़े खिडक़ी-दरवाजे :
घूघरा गांव में जयपुर रोड पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पुराने भवन के कमरों की खिडक़ी व दरवाजे तोडकऱ चोर पुराना सामान चोरी कर ले गए। शनिवार को प्रधानाध्यापिका मधु राजपूत ने सिविल लाइंस थाने में मामले की शिकायत दी। शुरूआत में तो पुलिस ने चोरी की शिकायत लेने से इन्कार कर दिया। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने शिकायत लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया लेकिन देर रात तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। प्रधानाध्यापिका का कहना है कि पुलिस पहले चोरी गए सामान की सूची मांग रही है जबकि वह बिना स्टॉक रजिस्टर देखे यह बताने में असमर्थ है।