
मदनगंज-किशनगढ़. नगर में शनिवार रात्रि चोरों ने दो मोबाइल फोन की दुकानों ने ताले तोड़े। इसमें से एक जगह पर वह चोरी करने में कामयाब हो गए, लेकिन दूसरी जगह जाग होने से वह भाग गए। चोर एक दुकान से 17 मोबाइल फोन एवं 70 हजार रुपए नकद चुराकर ले गए। सूचना पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी।
हरमाड़ा चौराहा पेट्रोल पंप के पास स्थित कीर्ति मोबाइल शॉप पर शनिवार रात्रि चोरों ने ताले तोड़कर शटर को ऊंचा कर दिया। विश्राम प्रजापत ने बताया कि चोर शो-केस में रखे 17 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और गल्ले में रखे 70 हजार रुपए की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। रविवार सुबह चाय की दुकान संचालक अपनी दुकान खोलने आया तो मोबाइल शॉप के ताले टूटे देख उसने संचालक को फोन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी से राज खुलने की उम्मीद
दुकान के पास ही बैंक का एटीएम लगा हुआ है। एटीएम के बाहर और अन्दर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस सोमवार को एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालेगी। इससे चोरों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
शटर को किया ऊंचा, तोड़े सीसीटीवी कैमरे
रूपनगढ़ रोड स्थित हंस मोबाइल शॉप पर भी रविवार को चोरों ने धावा बोला। अनिल साहू ने बताया कि चोरों ने दुकान के शटर को लोहे के एंग्ल से निकालकर ऊंचा कर दिया। इसके बाद उन्होंने दुकान के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। इस दौरान ही वह किसी के आने की हाटट सुनते ही वह भाग गए। इससे शॉप में चोरी होने से बच गई, लेकिन सीसीटीवी कैमरे टूट गए।
पुलिस गश्त की खुली पोल
हरमाड़ा चौराहे के निकट और रूपनगढ़ रोड पर दो दुकानों के एक साथ ताले टूटने से पुलिस की गश्त व्यवस्था की पोल खुल गई है। उक्त रोड पर रात-दिन आवाजाही बनी रहती है।