महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलगुरु को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलगुरु सुरेश अग्रवाल को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए।
सहायक उपनिरीक्षक भीमसिंह ने बताया कि जयपुर के सांगानेर हाल दिल्ली निवासी दातारसिंह और राजेश गुर्जर को जयपुर रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको जमानत मिल गई।
पुलिस पडताल में सामने आया कि राजेश गुर्जर का टोंक जिले के निवाई में अविनाश महाविद्यालय है। वह दातार सिंह के जरिए महाविद्यालय में छात्रों की सीटें बढ़वाना चाहता था। कुलगुरू ने उसको नियमानुसार बढ़ाने की नसीहत दी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दे डाली।
पुलिस के अनुसार जयपुर सांगानेर निवासी दातारसिंह ने मदस विश्वविद्यालय से संबद्ध टोंक के निवाई स्थित अविनाश महाविद्यालय से जुड़े कार्य को लेकर कुलगुरु को कॉल किया। बातचीत के दौरान कुलगुरु ने नियमों के अनुसार ही कार्य करने की बात कही, जिससे आरोपी नाराज हो गया।
इसके बाद उसने कुलगुरु से अभद्र भाषा में बात करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कुलगुरु ने कॉल रिसीव नहीं किया तो मोबाइल मैसेज के जरिए धमकी दोहराई। घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने 27 दिसम्बर को सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।