एक हजार एमएम की पाइप लाइन टूटी, आधे शहर में नहीं सप्लाई24 घंटे की मशक्कत के बाद दुरुस्त हुई लाइन ट्यूबवैल मशीन संचालक के खिलाफ आदर्शनगर थाने में शिकायत
अजमेर. शहर के हटूंडी चौराहा के पास सोमवार रात्रि को ट्यूबवैल की खुदाई के दौरान बीसलपुर की पाइप लाइन में छेद हो गया। इससे पाइप लाइन टूट गई। इससे आधे से ज्यादा शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हो सकी। आदर्शनगर थाने में ट्यूबवैल मशीन संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
शहर के हटूंडी चौराहे के आगे सोमवार रात्रि को एक खेत में चोरी-छिपे ट्यूबवैल की खुदाई की जा रही थी। उसी के नीचे से बीसलपुर की 1000 एमएम की पाइप लाइन गुजर रही थी। ऐसे में मशीन से पाइप लाइन में छेद हो गया। छेद होते ही पानी की तेज धार फूट पड़ी और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मशीन संचालक तो मौके से मशीन लेकर भाग छूटा। सूचना पर केकड़ी से पानी की सप्लाई को बंद किया गया। इसके बाद प्रोजेक्ट की टीम ने पहुंचकर पाइप लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू किया जो मंगलवार रात्रि 9 बजे तक जारी रहा। इसके बाद पानी की सप्लाई प्रारंभ हुई। जलदाय विभाग के गोयला एईएन रामनिवास खाती ने बताया कि आदर्शनगर पुलिस थाने में ट्यूबवैल मशीन संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
आधे शहर में जलापूर्ति बाधित
बीसलपुर पाइप लाइन के टूटने से आदर्शनगर, कोटड़ा, वैशाली नगर, शास्त्रीनगर, पंचशील, हरिभाऊ, शास्त्रीनगर, चन्द्रबरदाई नगर सहित करीब आधे शहर में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। जलदाय विभाग की ओर से बुधवार को जहां पर 72 घंटे हो गए वहां पर प्राथमिकता के आधार पर सप्लाई की जाएगी। ऐसे में शहर में जलापूर्ति सामान्य होने में दो दिन लगेंगे।