अजमेर

पहले दोस्त से शराब मंगवाई,छलकाए जाम और झगड़ा हुआ तो उतारा मौत के घाट

ब्यावर सदर थाना पुलिस ने आरोपित युवक को किया गिरफ्तार, रेलवे ट्रेक पर निर्वस्त्र मिला शव,हत्या के सबूत मिटाने की कोशिश हुई नाकाम
3 min read
Oct 03, 2019
Youth arrested for murder
ब्यावर पुलिस की गिरफ्त में हत्या का आरोपी

अजमेर. बदलते परिवेश में अपराध का तरीका भी बदल रहा है। हत्या व चोरी करने से पहले जहां हाथ कांपते थे। आज यह मामूली बात हो गई। अपराध के दलदल में नाते-रिश्तेदार और मित्रत्रा की मर्यादा व सीमा नहीं रही। जब तक स्वार्थ है। तब तक रिश्ता। जैसे ही निकटता खत्म हुई।

स्वार्थ पूरा हुआ। सम्बन्ध कोई मायने नहीं रखते। इसका प्रमाण हाल ही में ब्यावर उपखंड के रामपुरा मेवातियान सरहद स्थित रेलवे पटरी पर युवक के निर्वस्त्र मिले शव से मिलता है। पुलिस जांच में पर्दाफाश हुआ कि युवक की हत्या से पहले उसके दोस्त ने मिलकर खूब जाम छलकाए। बाद में किसी विवाद पर दोस्त ने हत्या को अंजाम देकर शव को ट्रेक पर डाल दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। हत्या से पहले आरोपित ने मृतक से ही शराब मंगवाई थी।

पहले जलाए कपड़े बाद में शव पटरी पर फैंका

पुलिस उप अधीक्षक हीरालाल सैनी व सदर थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह जोधा के अनुसार ग्राम कुण्डिया निवासी पप्पू काठात का शव रामपुरा मेवातियान सरहद पर रेलवे ट्रेक पर मिला। मृतक के कपड़े भी पहचान छिपाने की नियत से जला दिए गए। सूचना मिलने पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को अमृतकौर चिकित्सालय के चीरघर में रखवाया।

पुलिस ने मृतक के चचेर भाई ताजु की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर मृतक के मोबाइल नम्बर खंगाले, लेकिन किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध के नम्बर नहीं मिले। मृतक के परिजन व ससुराल पक्ष वालों से भी जानकारी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

जोधपुर से किया दस्तयाब

पुलिस ने रीको क्षेत्र में घूमकर जानकारी जुटाई। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि मांडेडा निवासी चांद काठात को रीको एरिया में घूमते हुए देखा। इसके पिता रीको एरिया में चाय का ठेला लगाता है। चांद को २८ सितम्बर की रात रीको में घूमते हुए देखा गया था। पुलिस ने चांद की तलाश शुरू की। उसको जोधपुर से दस्तयाब करर पूछताछ की गई। इस दौरान उसने पप्पू की हत्या करना कबूल कर लिया।

थप्पड़ व गलतफहमी बनी हत्या की वजह

सदर थाना पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि चांद काठात नशे की हालत में रीको एरिया में घूम रहा था। इस दौरान किसी श्रमिक ने चांद के थप्पड़ मार दिया, जिसकी शक्ल पप्पू काठात से मिलती-जुलती थी। गुस्से से भरा व बदला लेने की नीयत से आरोपित उसके पास पहुंच गया।

बातचीत के दौरान आरोपित ने पप्पू काठात को विश्वास में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने पप्पू से ही दो शराब के पव्वे मंगवाए। दोनों ने वहां बैठकर शराब के जाम छलकाए। इस दौरान आरोपित चांद काठात ने पप्पू काठात के सिर पर पत्थर से वार कर अंगोछा से गोला घोंट दिया।

हत्या को आत्महत्या में बदलने का प्रयास

पप्पू की हत्या के बाद सबूत व पहचान छिपाने के लिए चांद मोहम्मद ने मृतक के पहने कपड़े, पर्स एवं कपड़ों को जला दिया। इसके अलावा मृतक के मोबाइल की दोनों सिम भी जला दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को उठाकर रेलवे ट्रेक पर लेटा दिया,लेकिन आरोपी की मंशा पूरी नहीं हुई क्योकि इस ट्रेक पर ट्रेन नहीं आती थी।

मां पर भी हुआ नाराज

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपित हत्या के बाद मां के किराएशुदा कमरे पर चला गया। वहां पर चाय के लिए नहीं पूछने पर चांद गुस्से मे आ गया। विवाद कर घर से साइकिल लेकर रवाना हो गया। साइकिल से रेलवे ट्रेक पर पहुंचा। एक व्यक्ति के फोन से अपने भाई को बुलाकर साइकिल दे दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

जांच टीम में यह रहे शामिल

हत्या के आरोपित को पकडऩे में सदर थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह जोधा के अलावा शेरसिंह, मोहित, महेन्द्रकुमार, जितेन्द्रसिंह, भगवानसिंह, राजेन्द्रसिंह, देशराज, गोपीराम व बीरबल शामिल रहे।

Published on:
03 Oct 2019 07:04 am