भगवान पंचेश्वर महादेव ने किया नगर भ्रमण, निकली भव्य शाही सवारी
आलीराजपुर. श्रावण मास के अंतिम सोमवार को पंचेश्वर महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य व आकर्षक शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गाोंसे निकाली गई। यात्रा को लेकर शिवभक्तों में काफी उत्साह नजर आया। यात्रा में शामिल बैंड, डीजे, ढोल ताशे और जयघोष से संपूर्ण नगर धर्ममय हो गया। शोभायात्रा नगर के सिनेमा चौराहा, प्रतापगंज मार्ग, रणछोडऱाय मार्ग, बस स्टैंड, एमजी रोड, पोस्ट ऑफिस चौराहा, झंडा चौक, रामदेव मंदिर चौराहा, दाहोद नाका से होते हुए पुन: पंचेश्वर महादेव मंदिर पर समाप्त हुई। जहां भगवान पंचेश्वर महादेव की महाआरती उतारी गई तथा महा प्रसादी का वितरण किया गया। शोभायात्रा को लेकर शिवभक्तों ने व्यापक स्तर पर तैयारी की थी। यात्रा में आलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल, पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान, भाजपा नेता भदू भाई पचाया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष किशोर शाह, नपा अध्यक्ष सेना पटेल सहित हजारों की संख्या में शिव भक्त शामिल हुए। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों पर पहुंचने पर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भगवान की शाही सवारी के दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती रही। लोगों ने शाही सवारी में विराजित भगवान पंचेश्वर की प्रतिमा की आरती भी उतारी। यात्रा के साथ चल रहे कलाकार अपनी प्रस्तुति प्रमुख चौराहों पर देते हुए चल रहे थे, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ नजर आई।
बालीपुर सरकार के योगेश महाराज भी हुए शामिल
शाही सवारी में बालीपुर धाम के योगेश्वर महाराज भी शामिल हुए। इस अवसर पर बग्घी में सवार होकर योगेश्वर महाराज सभी को आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे। इस दौरान बालीपुर सरकार भक्त मंडल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद लिया। भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी के चलते पुलिस बल भी पूरे शोभायात्रा तक सक्रिय नजर आया। यातायात पुलिस के जवान भी यातायात व्यवस्था में लगे हुए थे। नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात थे।यात्रा के सिनेमा चौराहे पर पहुंचते ही वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।