अलवर

रामजी के एक तीर से 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन

मेघनाद और कुंभकरण धूं-धूं कर जले
less than 1 minute read
Oct 02, 2025
Feature image
दशहरा मैदान पर रावण दहन

अलवर. दशहरा पर्व गुरुवार धूमधाम से मनाया गया। शहर के दशहरा मैदान पर भगवान श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। दशहरा मेले के लिए पुरूषार्थी समिति जिला अलवर ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। पूरे दशहरा मैदान को रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विवेकानंद चौक स्थित पुरूषार्थी धर्मशाला से दशहरा मैदान तक झांकियों के साथ भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण सहित कई देवी-देवताओं की झांकियां शामिल थीं। शोभायात्रा को और भव्य बनाने के लिए बैंड, दिल्ली की मशहूर पूंगी पार्टी, पंजाबी ढोल आदि बुलाए गए। इसी के साथ ड्रोन से पुष्प वर्षा मुख्य आकर्षक रही। रास्ते में व्यापारिक व विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा विभिन्न मार्गाे से होते हुए देर शाम दशहरा मैदान पहुंची। जहां रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। जैस ही भगवान राम ने रावण को मारा सारा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव रहे। उनके साथ वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहुजा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता भी मौजूद रहे। पुरूषार्थी समाज के जिला अध्यक्ष कुलदीप कालरा ने बताया कि दशहरा मैदान में गाजियाबाद के कलाकारो की ओर से भव्य आतिशबाजी की गई थी। समारोह के दौरान भारी भीड़ रही। लोग परिसर के अंदर व बाहर खड़े हुए थे। समिति की ओर से समारोह का लाइव प्रसारण करने के लिए यूटयूब चैनल पर लाइव प्रसारण किया गया। दशहरा मैदान में चार एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई थी। इसके साथ ही ड्रोन से की गई पुष्प वर्षा भी आकर्षण का केंद्र रही।

Published on:
02 Oct 2025 09:56 pm