10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अलवर में मिनी सचिवालय के बाद अब पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

अलवर शहर में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।

less than 1 minute read
Google source verification

डाकघर में सुरक्षा जांच करते हुए

अलवर शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार ई-मेल के माध्यम से पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। एहतियात के तौर पर पोस्ट ऑफिस में मौजूद सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया और कुछ समय के लिए आम लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई।

पुलिस टीम ने पोस्ट ऑफिस भवन के अंदर और आसपास के इलाके में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए बारीकी से जांच की। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने बताया कि धमकी पाकिस्तान से आए एक ई-मेल के माध्यम से मिली है। जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश के सभी पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आया था। इसके बाद सभी जगहों पर जांच की गई। पुलिस और तकनीकी टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।


गौरतलब है कि इससे पहले भी अलवर के मिनी सचिवालय को कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि हर बार जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बावजूद इसके अब तक धमकी देने वालों की पहचान नहीं हो सकी है। लगातार मिल रही धमकियों ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और साइबर टीम ई-मेल के स्रोत की जांच में जुटी हुई है।