नेशनल हाईवे-48 पर एक चलते कंटेनर के केबिन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ कस्बे के पास गांव दहमी स्थित फ्लाईओवर की है।
नेशनल हाईवे-48 पर एक चलते कंटेनर के केबिन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ कस्बे के पास गांव दहमी स्थित फ्लाईओवर की है। आग लगते ही कंटेनर कुछ ही देर में आग का गोला बन गया, हालांकि चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
कंटेनर चालक रिजवान ने बताया कि वह हरिद्वार से कंटेनर लेकर गुजरात होते हुए सूरत की ओर जा रहा था। कंटेनर में बोलेरो और कैंपर गाड़ियां लदी हुई थीं। जब कंटेनर दहमी फ्लाईओवर पर चढ़ा तो केबिन से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। इस पर उसने तुरंत कंटेनर को सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन देखते ही देखते केबिन में आग भड़क गई।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि कंटेनर के अंदर खड़ी गाड़ियों को सुरक्षित बचा लिया गया। आग लगने के कारण कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।