अलवर जिले के बहरोड़ क्षेत्र के भगवाड़ी खुर्द गांव में देर रात एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। कुआं पूजन समारोह में शिरकत करने आए मांदी, नारनौल (हरियाणा) निवासी युवक लोकेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
अलवर जिले के बहरोड़ क्षेत्र के भगवाड़ी खुर्द गांव में देर रात एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। कुआं पूजन समारोह में शिरकत करने आए मांदी, नारनौल (हरियाणा) निवासी युवक लोकेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के चलते जीजा-साले ने लोकेश यादव को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। आरोप है कि हत्या के बाद बदमाशों ने अपने दो रिश्तेदारों के घरों के बाहर अलग-अलग स्थानों पर करीब 10 राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस की ओर से आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।