
यह हादसा सिस्टम की खामियों को उजागर करता है...
Bhiwadi Fire: राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को जिस फैक्ट्री में आग लगने से सात श्रमिकों की मौत हुई, वह वस्त्र फैक्ट्री के नाम से पंजीकृत थी, लेकिन उसमें छोटे पटाखे बनाए जाने की बात सामने आई है।
जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला ने मौके पर पहुंचने के बाद पत्रकारों से कहा कि मृतक मोतिहारी के रहने वाले हैं। यह कंपनी फैक्ट्री अधिनियम के तहत कवर नहीं होती है। इसके लिए 20 से अधिक श्रमिक होने चाहिए, जबकि इसमें 10 से कम मजदूर काम कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मौके से नमूने लिए गए हैं, जिनकी विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में जांच की जा रही है। इसकी रिपोर्ट जल्द आ जाएगी। रीको की ओर से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। मृतकों में फिलहाल पांच लोगों की शिनाख्त हो गई है। सभी मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता दी जाएगी। शुक्ला ने कहा कि इस मामले में फैक्ट्री संचालक की तलाश की जा रही है। प्रबंधक से बात हुई है, उसे मौके पर बुलाया गया है।
यह वीडियो भी देखें
उन्होंने बताया कि यह वस्त्र फैक्ट्री के रूप में दर्ज है, लेकिन इसके अंदर छोटे पटाखे बनाए जाने की बात सामने आ रही है, जिसकी पूरी जांच की जाएगी। साथ ही यह बात भी सामने आई है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, फैक्ट्री बाहर से बंद थी। अन्यथा मजदूरों की जान बच सकती थी। उन्होंने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में यह जांच की जाएगी कि जो फैक्ट्री जिस नाम से पंजीकृत है, उसमें वही काम हो रहा है या नहीं। बता दें कि मजदूरों के शव इस कदर जल चुके थे कि केवल सफेद कंकाल बचे थे।
Updated on:
16 Feb 2026 03:27 pm
Published on:
16 Feb 2026 03:27 pm
