होली के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 किलो मिलावटी और सिंथेटिक पनीर को मौके पर ही नष्ट करवाया।
होली के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 किलो मिलावटी और सिंथेटिक पनीर को मौके पर ही नष्ट करवाया। यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा 24 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक चलाया जा रहा है।
जिला खैरथल-तिजारा में डॉ. अरविंद गेट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र से सुबह-सुबह मिलावटी पनीर किशनगढ़ और खैरथल में 170 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा है।
सूचना के आधार पर सुबह 6 बजे किशनगढ़ सर्किल पर टीम ने आरजे 02 यूबी 2804 नंबर की सफेद ईको कार को रोका। वाहन में पांच पेटियों में करीब 180 किलो सिंथेटिक पनीर मिला। मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से जांच के बाद पनीर को बदबूदार और संदिग्ध पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। कार्रवाई में महिपाल सिंह व सुभाष यादव भी मौजूद रहे।