होली के त्योहार के बाद गुरुवार को अलवर जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली।
होली के त्योहार के बाद गुरुवार को अलवर जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। पिछले दो दिनों के बाद बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे, जिससे ओपीडी और वार्ड में मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह से ही पर्ची काउंटर और विभिन्न विभागों के बाहर मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ नजर आई।
डॉक्टरों के अनुसार बदलते मौसम में मौसमी बीमारियों के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। कई मरीज बुखार और त्वचा संबंधी समस्याओं की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डॉक्टरों और स्टाफ को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
इमरजेंसी वार्ड में भी डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की जांच और उपचार में जुटी रही। त्योहार के बाद अचानक बढ़ी मरीजों की भीड़ के कारण अस्पताल परिसर में पूरे दिन चहल-पहल और भीड़ का माहौल बना रहा।